सलमान खान और सलीम खान को मिली जान से मारने की धमकी, लेटर में लिखा- 'मूसेवाला जैसा हाल कर देंगे'
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को किसी अंजान शख्स ने जान से मारने की धमकी वाला पत्र भेजा है। रिपोर्ट्स की मानें तो लेटर में लिखा था कि सलमान खान का भी हाल सिद्धू मूसेवाला की तरह कर देंगे। इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर, आगे की जांच शुरु कर दी है।
Recommended Video
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार की सुबह, सलीम खान सुबह की सैर के बाद बांद्रा बैंडस्टैंड में एक बेंच पर बैठे थे, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें सलमान को जान से मारने की धमकी वाला एक पत्र दिया। तुरंत ही, सलीम खान ने पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506-II (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

बता दें, 28 साल के पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को 29 मई को अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई का नाम आने के बाद से बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने सलमान को कुछ साल पहले जान से मारने की धमकी दी थी। लॉरेंस बिश्नोई पर अब तक करीब 50 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 30 में वो बरी हो चुका है। उसने एक दफा बयान दिया था- 'अपराध क्या होता है? यह तो जब सलमान खान को यही मारूंगा तो पता चलेगा'। लॉरेंस विश्नोई ने काले हिरण के शिकार को लेकर सलमान खान को मारने की धमकी दी थी।
साल 2020 में लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान की हत्या की जिम्मेदारी शॉर्पशूटर राहुल को दी थी। जिसके बाद राहुल ने सलमान खान के बांद्रा स्थित बंगले के पास 3 दिन तक रेकी की थी। लेकिन जल्द ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
फिल्मों की बात करें तो सलमान खान जल्द ही 'कभी ईद कभी दिवाली' की शूटिंग शुरु करने वाले हैं। फिल्म 2023 में रिलीज होगी। इसके अलावा दबंग खान 'टाईगर 3' में भी नजर आने वाले हैं।


Click it and Unblock the Notifications
