सलमान की बेरूखी, प्रशंसकों का हंगामा
फिल्म स्टार सलमान खान की बेरुखी से नाराज उनके प्रशंसकों ने स्थानीय नेहरू स्टेडियम में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। पुलिस को इन उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
इंदौर के नेहरू स्टेडियम में रविवार को लंदन ड्रीम और शिमला ग्रुप के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के मुख्य आकर्षण फिल्म स्टार सलमान खान थे। उन्हें देखने के लिए इंदौर के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
सलमान खान को सुबह 10 बजे पहुंचना था मगर वे दोपहर तीन बजे पहुंचे। खान के पहुंचते ही प्रशंसकों में उनसे हाथ मिलाने और उन्हें छूने की होड़ मच गई। इसी होड़ में सलमान खान को किसी का हाथ लग गया। इससे वे आपा खो बैठे, किसी तरह उन्हें आयोजकों ने मनाया। सलमान खान ने एक स्थान पर खड़े होकर कुछ मिनट मैच देखा और प्रशंसकों के अभिवादन का हाथ हिलाकर जवाब दिया।
सलमान खान के स्टेडियम से जाते ही प्रशंसकों ने आपा खो दिया और वे कुर्सियां उठाकर फेंकने लगे और पत्थरबाजी कर तोड़फोड़ भी की। पुलिस को हालात संभालने के लिए लाठियां भी भांजना पड़ी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश जिंदल ने पत्रकारों से कहा कि प्रशंसक सलमान खान का कई घंटों से इंतजार कर रहे थे। वे कुछ ही देर रुके, जिससे उनके प्रशंसकों ने यह हंगामा किया।


Click it and Unblock the Notifications











