लेखक सैलिंगर का निधन
बीसवीं सदी की धूम मचाने वाली किताब 'द कैचर इन द राइ' के लेखक उपन्यासकार जेडी सैलिंगर का देहांत हो गया है.
अमरीकी उपन्यासकार सैलिंगर 91 साल के थे.
उनके पुत्र ने कहा है कि उनकी मौत उनके न्यू हैम्पशर में निवास स्थान में स्वाभाविक कारणों से हुई. वर्ष 1951 में प्रकाशित 'द कैचर इन द राइ' युवा वर्ग की मनोदशा पर आधारित थी और यह आधुनिक युग में सबसे प्रभावशाली अमरीकी उपन्यासों में से एक मानी जाती है.
लेकिन किताब के प्रकाशन के फ़ौरन बाद ही सैलिंगर ने प्रसिद्धि के जीवन से अलग हटकर एकाकी जीवन अपना लिया था.
न्यूयार्क में पैदा हुए जेरोम डेविड सैलिंगर के पिता एक यहूदी व्यापारी थे. उनकी माँ स्काटलैंड की थीं.
'न्यूयॉर्कर' जैसी मशहूर पत्रिकाओं में लघु कथाओं के छपने की वजह से उन्हें बहुत कम उम्र में ही बहुत शोहरत मिल गई थी.
लेकिन वह अपनी किताब 'द कैचर इन द राई' के लिए जाने जाते हैं जो एक समय अमरीका के युवा वर्ग के लिए बाइबिल सा बन गई थी. यह किताब उनके आक्रोश को प्रदर्शित करती थी.
इस किताब को बहुत सी जगह अंग्रेज़ी साहित्य के पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया था.
इस किताब के प्रकाशन के दौरान ही सैलिंगर को प्रकाशन उद्योग से निराशा हाथ लगी थी जिसके बाद उन्होनें कोर्निश, न्यू हैम्पशर में एक घर ख़रीदा और एकाकी जीवन व्यतीत करने लगे.
उन्होंने कुछ ही साक्षात्कार दिए जिसमें से एक और आख़िरी 1980 में दिया गया था.
क़ानूनी लड़ाई
पिछले साल सैलिंगर ने स्वीडन के एक लेखक की छपने वाली किताब पर रोक लगवा दी थी जिसे 'द कैचर इन द राई' की कहानी को आगे ले जाया जाने वाला बताया जा रहा था.
कापीराईट के मामले में उन्होनें पहले भी कई बार क़ानूनी कार्रवाई की थी लेकिन ख़ुद कभी अदालत में पेश नहीं हुए.
उन्होनें अपनी कहानियों पर फ़िल्म बनाने की इजाज़त भी नहीं दी थी. बाद में आई उनकी तीन किताबें, जिनमें 'फ्रैन्नी एंड ज़ूई' भी शामिल हैं, भी खूब बिकीं. मगर 1965 के बाद उनकीं कोई नई किताब प्रकाशित नहीं हुई और न ही अपनी जीवनी लिखने की इजाज़त उन्होंने किसी को दी. मगर उनके दोस्तों और जानने वालों का कहना है क़ि उनकी 15 किताबों के मसौदे उनकी एक आलमारी में मौजूद थे. जीवन भर सैलिंगर अपने से कम उम्र की युवतियों से मित्रता गाँठते रहे.
उन्होनें 1954 में जब क्लेयर डगलस से शादी की थी तो वह महज़ 19 वर्ष की थीं और सैलिंगर ख़ुद 35 वर्ष के. इस शादी से उन्हें दो बच्चे हुए लेकिन 1967 में उनका का तलाक़ हो गया. अपनी मौत के पहले के करीब तीस साल तक वह कोलीन ओ नील नाम की एक महिला के साथ रहे.


Click it and Unblock the Notifications