'कई कलाकार हैं जो सफल हैं लेकिन टैलेंटेड नहीं है, यहां किस्मत का बड़ा खेल है'- सलीम मर्चेंट
बॉलीवुड संगीतकारों की मशहूर जोड़ी सलीम - सुलेमान ने यूट्यूब सेंसेशन कैरीमिनाटी के साथ मिलकर डेट कर ले नाम का नया गाना लॉन्च किया है। इसी मौके पर फिल्मीबीट ने सलीम मर्चेंट से खास बातचीत की है, जहां उन्होंने अपने करियर से लेकर फिल्म इंडस्ट्री में मिली सफलता को लेकर कई बातें शेयर की हैं।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगीत और संगीतकारों पर बात करते हुए सलीम मर्चेंट ने कहा, "मैं ज्यादा सोचता नहीं हूं, मेरे पैर हमेशा जमीन पर रहते हैं। मैं बिल्कुल ही खुद को किसी से ऊपर नहीं सोचता हूं। यहां जो अपने मेहनत से आगे बढ़ा है, जिसने सफलता पाई है, वो उसकी किस्मत है।"

उन्होंने आगे कहा, "फिल्म या म्यूजिक इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं, जो सफल तो हैं, लेकिन टैलेंटेड नहीं हैं। और बहुत सारे टैलेंटेड लोगों को सक्सेस नहीं मिल पाई है। तो यहां सक्सेस और टैलेंट का कोई कॉम्बिनेशन नहीं है। यहां किस्मत का बड़ा खेल है।"
इसके साथ ही रैपिड फायल सवालों में जब उनसे पूछा गया कि आज तक करियर में उन्होंने सबसे जल्दी कौन सा गाना बनाया था? उन्होंने बताया कि 'रब ने बना दी जोड़ी' का गाना 'हौले हौले से हवा चलती है....' उन्होंने सबसे जल्दी कंपोज किया था।
हालिया सबसे ओवररेटेड फिल्म पर उन्होंने 'कबीर सिंह' का नाम लिया। वहीं, सलीम मर्चेंट की सेलिब्रिटी क्रश हैं देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा।
कोविड के दिनों पर बात करते हुए संगीतकार ने कहा- इन दिनों मेरे लिए सबसे बेस्ट चीज जो हुई है, वह है मर्चेंट रिकॉर्ड्स.. जो हमने शुरु किया है। यह मेरा लाइफटाइम ड्रीम था। वहीं, कोविड के दिनों में बहुत सारे लोगों की जान गई, रोजगार गई.. कई लोक कलाकार इससे प्रभावित हुए हैं.. यह सब सुनकर बेहद दुख हुआ है।


Click it and Unblock the Notifications












