सलीम खान ने कंफर्म की ज़ोया अख्तर की सलीम - जावेद Docu Drama, फिल्म पर दिया अपडेट
खबर थी कि ज़ोया अख्तर अपने पिता जावेद अख्तर और सलमान खान के पिता सलीम खान की आईकॉनिक जोड़ी सलीम - जावेद पर एक Docu Drama बना रही हैं जिस पर वो पिछले दो साल से रिसर्च कर रही हैं। अब सलीम खान ने खुद एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि ये सच है।
सलीम खान ने इस फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि ज़ोया ने अपनी रिसर्च शुरू कर दी है। सलीम खान ने साथ ही ये भी बताया कि ये बहुत ही लंबी रिसर्च होगी क्योंकि ज़ोया ऐसे लोगों से बात करने वाली हैं जिन्होंने सलीम जावेद की जोड़ी के साथ काम किया है।

गौरतलब है कि सलीम - जावेद हिंदी सिनेमा की पहली स्टार लेखक जोड़ी थी। 1971 - 1987 तक दोनों ने एक साथ 24 फिल्मों में काम किया और फिर एक दूसरे से अलग हो गए। लेकिन जब तक दोनों ने साथ काम किया उन्होंने बॉलीवुड के इतिहास की कुछ बेहतरीन फिल्में लिखीं। इन फिल्मों की लिस्ट में ज़ंजीर, शोले, दीवार, सीता और गीता, त्रिशूल, डॉन, शान, शक्ति जैसी फिल्में शामिल हैं।
सलीम - जावेद की जोड़ी के टूूटने के कारण में अक्सर ही अमिताभ बच्चन का नाम लिया जाता है। लेकिन क्या वाकई ऐसा है? सलीम - जावेद और अमिताभ बच्चन के बीच का एक ही वाकया है जिसे इस जोड़ी के टूटने का कारण बताया जाता है। लेकिन आप ये वाकया पढ़कर खुद ही फैसला कर सकते हैं।

अमिताभ बच्चन से मनमुटाव
फिल्म ज़माना पहले 1980 में प्लान की गई थी। सलीम और जावेद ने ये स्क्रिप्ट धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन के लिए लिखी थी। लेकिन इसके बाद उन दोनों का ही अमिताभ बच्चन से मनमुटाव हो गया। और दोनों ने ही कसम खाई कि अमिताभ बच्चन के साथ आगे से कभी काम नहीं करेंगे।

मिस्टर इंडिया के असली हीरो
इस मनमुटाव का कारण थी अनिल कपूर - श्रीदेवी की ब्लॉकबस्टर फिल्म मिस्टर इंडिया। ये फिल्म अमिताभ बच्चन के लिए लिखी गई थी। सलीम और जावेद इस फिल्म के साथ प्रोड्यूसर बनने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें अमिताभ बच्चन के केवल 15 दिन चाहिए थे क्योंकि फिल्म में ज़्यादातर समय तो हीरो गायब ही रहता है।

खुद नहीं आए अमिताभ
सलीम जावेद ने अमिताभ बच्चन के साथ एक मीटिंग रखी। वो दोनों ये जानना चाहते थे कि अमिताभ बच्चन इस फिल्म के लिए कितनी फीस लेंगे। अमिताभ बच्चन इस मीटिंग में खुद नहीं आए। उन्होंने अपने छोटे भाई अजिताभ को अपनी तरफ से इस मीटिंग में भेज दिया।

मोटी फीस की डिमांड
लेकिन इस मीटिंग में वो हुआ जो नहीं होना चाहिए था। कुछ लोगों का मानना है कि अजिताभ ने अमिताभ बच्चन की तरफ से फिल्म के लिए बहुत ही मोटी फीस मांगी। अमिताभ बच्चन का मानना था कि लोग फिल्मों में उन्हें देखने आते हैं। जिस फिल्म में वो गायब रहेंगे, उसे देखने कोई नहीं आएगा।

नहीं रखा सलीम - जावेद का मान
कई रिपोर्ट्स ऐसा भी लिखती हैं कि अमिताभ बच्चन ने इस बात का सम्मान तक नहीं किया कि सलीम जावेद वो जोड़ी है जिनकी लिखी हुई फिल्मों से वो सुपरस्टार बने हैं। ना ही अमिताभ बच्चन ने अपनी फीस कम की।

गुस्सा गए जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने सलीम खान को ये याद दिलाया कि कैसे उन दोनों ने मिलकर ही अमिताभ बच्चन को बनाया है। इसलिए अगर अमिताभ बच्चन उनसे ऐसी अकड़ दिखा रहे हैं तो उन्हें अमिताभ बच्चन की ज़रूरत ही नहीं है।

राजेश खन्ना से भी दिक्कत
अब दिक्कत ये हुई कि अगर अमिताभ बच्चन नहीं तो मिस्टर इंडिया कौन होगा। उस समय अमिताभ बच्चन के कद के सितारे इंडस्ट्री में बहुत कम थे। राजेश खन्ना को सलीम - जावेद अप्रोच नहीं कर सकते थे क्योंकि राजेश खन्ना के साथ जावेद अख्तर का एक पार्टी में हाथापाई वाला झगड़ा हो चुका था।

एक फैसले से बदले रिश्ते
जावेद अख्तर, राजेश खन्ना से माफी मांगने को तैयार हो गए और सलीम खान ने राजेश खन्ना के साथ एक मीटिंग फिक्स की। जावेद अख्तर, राजेश खन्ना से मिले और दोनों ने 4 बजे तक महफिल जमाई। सलीम और जावेद ने तब तय किया कि वो मिस्टर इंडिया छोड़कर ज़माना पर ही काम करेंगे। जिसमें पहले अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र कास्ट किए गए थे।

अमिताभ बच्चन भी नाराज़
अमिताभ बच्चन ने सलीम - जावेद के इस कदम को निजी अटैक की तरह लिया। उन्होंने ये माना कि सलीम - जावेद ने जान बूझकर ऐसा किया है। और अमिताभ बच्चन ने सलीम जावेद को इग्नोर करना शुरू कर दिया। वहीं बाद में जावेद अख्तर, अमिताभ बच्चन से एक होली पार्टी में मिले और उन्होंने कहा कि सलीम साहब आपके साथ काम नहीं करना चाहते।

यूं बदले रिश्ते
इसके एक साल बाद ही सलीम और जावेद की जोड़ी टूट गई। और अमिताभ बच्चन ने घोषणा कर दी कि वो जावेद अख्तर के साथ काम करना जारी रखेंगे। सलीम खान इस बात से हैरान रह गए और उन्होंने फिल्मों से कुछ समय का ब्रेक लिया और लंदन चले गए।


Click it and Unblock the Notifications












