'मोहल्ला 80' में साक्षी तंवर

एकता कपूर के शो कहानी घर घर की से घर घर में पहचान बना चुकीं साक्षी पिछले कई सालों से टीवी पर काम कर रही हैं। उन्होंने कई शोज में अभिनय किया है। क्राइम पेट्रोल, बालिका वधू भी उनमें से एक हैं। लेकिन अब साक्षी ने लंबी पारी खेली है और वे सनी देओल के साथ फिल्म में नजर आयेंगी। इस बारे में खुद साक्षी बताती हैं कि उनके लिए यह बड़ी बात है कि उन्हें डॉ चंद्रप्रकाश के साथ काम करने का मौका मिल रहा है।
डॉ चंद्रप्रकाश साक्षी के चुनाव पर कहते हैं कि उनकी कहानी बनारस की पृष्ठभूमि पर आधारित है और वैसे किरदार के लिए उन्हें कोई सुपरस्टार नहीं, बल्कि एक ऐसी अदाकारा चाहिए थी, जो उस किरदार में रच बस सके और दर्शकों को कुछ अटपटा सा न लगे। उन्होंने साक्षी को कहानी घर घर की के कई एपिसोड में देखा था और उन्होंने महसूस किया कि वे उस किरदार के लिए बिल्कुल फिट बैठेंगी।
द्विवेदी बताते हैं कि उन्होंने जब सनी देओल को इस बारे में बताया कि वे एक टीवी अदाकारा के साथ उनकी जोड़ी बनाना चाहते हैं तो सनी तुरंत तैयार हो गये और उन्होंने कहा कि साक्षी का काम उन्होंने भी देखा है और वैसे भी कहानी की जिस तरह की मांग हो उसके अनुरूप ही कलाकारों का चयन करना चाहिए। इसलिए उन्हें इस बात से कोई परेशानी नहीं है। साक्षी की बड़े परदे पर यह पहली बड़ी शुरुआत है। फिल्म अगस्त में रिलीज होनेवाली है।


Click it and Unblock the Notifications











