हाउसफ़ुल में जॉन की एंट्री

हाउसफ़ुल के सीक्वेल में जॉन अब्राहम भी होंगे.
साजिद ख़ान अपनी कामयाब फ़िल्म हाउसफ़ुल का सीक्वेल बनाने जा रहे हैं, जिसमें उन्होंने जॉन अब्राहम को लिया है.
इसके अलावा हाउसफ़ुल में काम करने वाले अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और बोमन ईरानी को उन्होंने हाउसफ़ुल 2 के लिए भी चुना है. ये पहला मौका है जब जॉन, साजिद के साथ काम करेंगे.
बीबीसी से फ़िल्म के बारे में बात करते हुए जॉन ने कहा, "जॉन को जिस रूप में इस फ़िल्म में पेश किया जाएगा, वैसा दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा. इस किरदार में जॉन पूरी तरह से जमेंगे. अक्षय और जॉन की जुगलबंदी ग़रम मसाला में कमाल की थी. वैसा कुछ इस फ़िल्म में भी नज़र आएगा."
ये फ़िल्म हाउसफ़ुल 1 से कितनी अलग होगी. ये पूछने पर साजिद कहते हैं, "हाउसफ़ुल 2 पहले भाग से दस गुना ज़्यादा मनोरंजक होगी. इसका स्क्रीनप्ले उससे कहीं ज़्यादा दमदार है."
हाउसफ़ुल को फ़िल्म समीक्षकों ने ज़्यादा नहीं सराहा था. इस पर साजिद कहते हैं, "मैं सिर्फ़ फ़िल्म देखने वालों के लिए फ़िल्म बनाता हूं. समीक्षकों को ध्यान में रखकर काम नहीं करता. मेरा दावा है कि मेरी हर फ़िल्म को देखकर दर्शक जब बाहर निकलेंगे तो कहेंगे कि ये पैसा वसूल फ़िल्म है."
फ़िल्म अवॉर्ड्स के बारे में भी साजिद कोई ख़ास नेक राय नहीं रखते. उनके मुताबिक, "इन पुरस्कारों की कीमत शून्य हो गई है. ये बेचे जाते हैं. टीवी पर सिर्फ़ मनोरंजन का साधन बनकर रह गए हैं ये अवॉर्ड्स. इसलिए मुझे ये अवॉर्ड ना मिलने का कोई दुख नहीं होता."
साजिद ने बताया कि वो रणवीर कपूर, शाहरुख़ ख़ान और अजय देवगन के साथ भी काम करना चाहते हैं.
हाउसफ़ुल के सीक्वेल की शूटिंग इस साल मई के अंत में शुरु हो जाएगी. इसकी शूटिंग भारत के अलावा अर्जेंटीना, ब्राज़ील, मैक्सिको और ब्रिटेन में भी की जाएगी.


Click it and Unblock the Notifications











