सायरा बानो आईसीयू में भर्ती, तबीयत बिगड़ने के बाद 3 दिन पहले अस्पताल में कराया गया था एडमिट
77 वर्षीय अभिनेत्री सायरा बानो की तबीयत पिछले कुछ दिनों से अच्छी नहीं है। बल्ड प्रेशर की शिकायत के बाद, उन्हें तीन दिनों पहले मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ थी। टाइम्स नाऊ के रिपोर्ट के अनुसार, तबीयत में सुधार ना होने की वजह से उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है और उनकी जांच चल रही है।
7 जुलाई को भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और सायरा बानो के पति दिलीप कुमार का निधन हो गया। लंबी बीमारी के बाद 98 वर्षीय अभिनेता ने हिंदुजा अस्पताल में आखिरी सांस ली थी। बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार के निधन के बाद से ही सायरा बानो की सेहत ठीक नहीं है।

बता दें, दिलीप कुमार और सायरा बानो का 55 सालों का साथ रहा था। 1966 में दोनों ने शादी की थी और उस वक्त सायरा बानो सिर्फ 22 वर्ष की थीं। दोनों बॉलीवुड के परफेक्ट कपल में माने जाते रहे हैं। दिलीप कुमार के अंतिम सालों में सायरा बानो ने उनकी बहुत सेवा की थी।
दिलीप कुमार के निधन के बाद, डॉक्टर ने बताया था कि सायरा बानो ने उनसे कहा, "भगवान ने मेरे जीने की वजह छीन ली। साहब के बिना, मैं कुछ भी नहीं सोच पाऊंगा। सब लोग, कृपया प्रार्थना करें।"
वहीं, अब फैंस सायरा बानो के सेहत को लेकर फिक्रमंद हैं और उनके जल्दी से स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें, शादी के बाद भले ही सायरा बानो ने फिल्मों से दूरी बना ली थी, लेकिन वह अपने जमाने की सबसे मशहूर अभिनेत्रियों में शुमार रही हैं। 1961 में अपने डेब्यू के बाद से उन्होंने एक के बाद एक कई हिट, सुपरहिट फिल्में दी थीं।


Click it and Unblock the Notifications











