पैटरनिटी लीव पर हैं सैफ अली खान, मार्च से शुरु करेंगे मेगा बजट फिल्म 'आदिपुरुष' की शूटिंग
करीना कपूर खान प्रेग्नेंट हैं और फिलहाल फिल्मों से दूर हैं। लेकिन सिर्फ करीना ही नहीं, बल्कि सैफ अली खान भी फिलहाल मार्च तक पैटरनिटी लीव पर हैं। निर्देशक ओम राउत ने खुलासा किया है कि फिल्म आदिपुरुष की शूटिंग इस महीने से शुरु हो रही है, लेकिन सैफ छुट्टी पर हैं और मार्च के अंतिम हफ्ता से टीम को ज्वॉइन करेंगे।
करीना कपूर खान और सैफ अली खान अपने दूसरे बच्चे के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। बता दें करीना और सैफ की पहली संतान तैमूर अली खान हैं। तैमूर का जन्म साल 2016 में हुआ था। वहीं, अब मार्च में करीना दूसरी बार मां बनने वाली हैं।

सैफ इस समय करीना का पूरा ध्यान रखना चाहते हैं, लिहाजा, पैटरनिटी लीव पर चले गए हैं। फिल्ममेकर ओम राउत ने जानकारी दी है कि सैफ मार्च के आखिरी हफ्ते में आदिपुरुष की टीम को ज्वाइन करेंगे।
उन्होंने बॉलीवुड टाइम्स से बात करते हुए बताया कि सैफ और प्रभास इस फिल्म को लेकर पिछले 3-4 महीने से तैयारी कर रहे हैं। फिल्म की पूरी टीम शूटिंग को लेकर उत्साहित है। सभी फाइनल शेड्यूल की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद कर सकते हैं कि फिल्म इस साल अगस्त तक रिलीज हो जाएगी।
ओम राउत ने निर्देशन में बन रही फिल्म 'आदिपुरूष' में प्रभास राम और सैफ रावण की भूमिका निभाते दिखेंगे। यह टी सीरिज की बिग बजट फिल्म होने वाली है। फिलहाल अभिनेत्री की घोषणा नहीं की गई है।
इस फिल्म के बारे में बात करते हुए सैफ ने कहा, "भगवान राम मेरे लिए हमेशा से ही सच्चाई और नायकत्व के प्रतीक रहे हैं। आदिपुरुष फिल्म बुराई पर सच्चाई की जीत पर आधारित है और पूरी टीम इसी बात को लेकर मिलकर काम कर रही है कि इस कहानी को बिना तोड़े-मरोड़े पेश किया जा सके।"


Click it and Unblock the Notifications












