'बंटी और बबली 2'- रानी मुखर्जी और सैफ अली खान की जोड़ी आई साथ, पूरे 11 सालों के बाद
यशराज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटी और बबली 2' के फाइनल स्टारकास्ट की घोषणा कर दी है। बुधवार को जहां सिद्धांत चतुर्वेदी और शरवरी को सामने लाया गया था। आज फाइनली सैफ अली खान और रानी मुखर्जी की घोषणा भी कर दी गई है। कोई शक नहीं कि इन दो सितारों को साथ देख फैंस बेहद उत्साहित हैं। बता दें, रानी और सैफ पूरे 11 सालों के बाद एक साथ नजर आने वाले हैं। इनकी अंतिम फिल्म 2008 में आई ''थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक'' थी।
साल 2005 में आई फिल्म 'बंटी और बबली' के सीक्वल की लंबे समय से चर्चा थी। लेकिन अब आखिरकार फिल्म लॉक कर दी गई है। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं वरुण शर्मा, जो इससे पहले सुल्तान और टाईगर जिंदा है जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में बतौर असिस्टेंट डाइरेक्टर काम कर चुके हैं।

फिल्म में 10 सालों का लीप किया गया है और इस बार दो जोड़ियां दिखेंगी। फिल्म में क्या ट्विस्ट दिया गया है, देखना दिलचस्प होगा। सैफ ने फिल्म से जुड़ने पर खुशी जताई है और कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट इतनी शानदार है कि मैंने तुरंत हामी भर दी। यह पूरी तरह से फैमिली इंटरटेनर है। रानी के साथ काम करना हमेशा मजेदार रहा है, वहीं यशराज के एक साथ एक बार फिर जुड़कर बेहद खुश हूं।
आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म पर रानी मुखर्जी कहती हैं- बंटी और बबली को लोगों से बहुत प्यार मिला था। और इसी प्यार की वजह से यशराज ने ये सीक्वल लाने की सोची। इस सीक्वल के लिए मुझे और अभिषेक दोनों को अप्रोच किया गया था, लेकिन अफसोस अभिषेक कुछ कारणों से फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए.. और हम उन्हें बहुत मिस करेंगे।
रानी ने कहा- सैफ के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। हमने कई फिल्में साथ की हैं। उम्मीद है कि लोग इस फिल्म को भी उतना ही प्यार देंगे, जितना पहली बंटी और बबली को दिया था।


Click it and Unblock the Notifications