सात ख़ून माफ़ करेंगे रस्किन बॉन्ड

सात ख़ून माफ़ करेंगे रस्किन बॉन्ड

कई बेस्ट सेलर किताबों के लेखक रस्किन बॉन्ड इन दिनों मसूरी के अपने घर में अदाकारी का अभ्यास कर रहे हैं, डायलॉग रट रहे हैं. उन्हें अगले सप्ताह से विशाल भारद्वाज की एक फ़िल्म में शूटिंग जो करनी है.

जी हां, विशाल भारद्वाज की आगामी थ्रिलर फ़िल्म ‘सात ख़ून माफ़’ में वो एक ऐसे पादरी की भूमिका में नज़र आएंगे जो हीरोइन प्रियंका चोपड़ा के सारे अपराधों के राज़ जानता है.

रस्किन अपने रोल को लेकर ख़ासे उत्साहित हैं, “मैंने अब तक अपनी कल्पना से चरित्रों की रचना की है, उनके बारे में लिखा है लेकिन ख़ुद किसी और का चरित्र बन जाना मेरे लिए एक चुनौती है. ये एक नया अनुभव होगा.”

बॉन्ड संकोची और अंतर्मुखी स्वभाव के हैं लिहाजा वो पहले फ़िल्म में काम करने के लिये राज़ी नहीं हुए लेकिन विशाल भारद्वाज ने आख़िरकार उन्हें मना ही लिया.

दरअसल ये फ़िल्म रस्किन बॉन्ड की ही रहस्य-रोमांच से भरी एक भुतहा कहानी पर आधारित है. ये कहानी एक ऐसी औरत की भटकती आत्मा के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक के बाद एक 7 शादियां करती है.

उसके पतियों में कोई मजिस्ट्रेट है, कोई कर्नल तो कोई डॉक्टर. हर बार ये औरत दिलो-जान से अपने नए पति के आस-पास प्रेम और रास का ताना-बाना बुनती है लेकिन उसकी इच्छाएं संतुष्ट नहीं होती और कुछ ही दिनों में संदिग्ध परिस्थितियों में हर पति की मौत हो जाती है.

पूरे गांव में इन मौतों को लेकर चर्चा है. लेकिन हक़ीक़त सिर्फ़ एक पादरी को पता है. इस पादरी का किरदार रस्किन बॉन्ड ने निभाया है.

रस्किन बॉन्ड ने अब तक 500 से ज़्यादा कहानियां, उपन्यास, संस्मरण और कविताएं लिखी हैं जिनमें से अधिकतर बच्चों के लिए हैं. वो आज काफ़ी पढ़े जानेवाले लेखकों में शामिल हैं.

उनकी रचनाओं में से कई भूत-प्रेत और पारलौकिक जगत के बारे में हैं.

इस पर रस्किन बॉन्ड कहते हैं, “मैं निजी तौर पर भूत-प्रेतों में यक़ीन नहीं रखता हूं लेकिन जंगल, रेस्तरां, बार, कब्रिस्तान, सिनेमाघर हो या भीड़ में मैं कई बार आत्माओं को महसूस करता हूं. फिर मैं उन्हें गढ़ता हूं और वो बच्चों और बड़ों सबको अच्छी लगतीं हैं.”

फ़िल्म ‘सात ख़ून माफ़’ की मूल कहानी का नाम ‘सुजैनास सेवन हसबैंड्स ’ है. फ़िल्मी संस्करण के नाम पर रस्किन बॉन्ड हंसते हुए कहते हैं, “मुझे लगता है फिल्म का टाइटल कुछ ज्यादा ही खतरनाक हो गया है. प्रियंका जैसी ख़ूबसूरत अभिनेत्री के साथ तो ये ज़्यादती है.”

फ़िल्म की शूटिंग इन दिनों मैसूर में चल रही है और जल्दी ही रस्किन बॉन्ड भी फ़िल्म की शूटिंग के लिए जाने वाले हैं. कहा जा रहा है कि इस फ़िल्म के लिए प्रियंका चोपड़ा ने अपना वजन बढ़ाया है क्योंकि निर्देशक ऐसा ही चाहते थे.

रस्किन के उपन्यास ‘अ फ्लाइट ऑफ पिजन्स’ पर ‘जुनून’ जैसी मशहूर फ़िल्म बन चुकी की है. विशाल भारद्वाज रस्किन की कहानी ‘ब्लू अंब्रेला’ पर फिल्म बना चुके हैं जिसे कई पुरस्कार भी मिले थे.

रस्किन के चाहनेवाले उन्हें रूपहले पर्दे पर देखने की प्रतीक्षा कर रहे हैं. उनके मित्र और प्रकाशक उपेंद्र अरोड़ा कहते हैं, “वो दिखते ही हैं सांता क्लॉज की तरह इतने सरल, रोचक और हंसमुख कि शायद उन्हें फिल्म की भूमिका के लिये ज़्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी.”

ये फिल्म अगले साल के शुरू तक सिनेमाघरों में आ जाएगी.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X