RRR, विक्रम से लेकर अजय देवगन की 3 फिल्में शामिल- 2022 की टॉप 10 सबसे लोकप्रिय भारतीय फिल्में, IMDb रिपोर्ट
IMDb ने साल 2022 की सबसे लोकप्रिय भारतीय फिल्मों और वेब सीरीज की अर्ध वार्षिक रिपोर्ट रिलीज की है। वेब सीरीज में जहां टॉप पर है एमएक्स प्लेयर की 'कैंपस डायरीज', वहीं फिल्मों में टॉप पर रही है 'द कश्मीर फाइल्स'। इस लिस्ट में जनवरी से जून तक की फिल्में ली गई हैं। ऐसी फिल्में जो लगातार IMDb यूजर्स के बीच चर्चा में रहीं।
खास बात है कि टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में अजय देवगन स्टारर तीन फिल्में शामिल हैं। साल 2022 की बात करें तो फिल्मों के मामले में यह अब तक काफी धमाकेदार रहा है। जहां आरआरआर, केजीएफ 2 और द कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्मों ने धमाकेदार कमाई की है। वहीं कुछ बिग बजट फिल्में औंधे मुंह गिरी है। हालांकि, इस लिस्ट को देखकर पता चलता है कि बॉक्स ऑफिस नंबर्स का असर उनकी लोकप्रियता पर नहीं पड़ा है।

बता दें, आईएमडीबी किसी भी मूवी, सीरीज, टीवी शो के रेटिंग और रिव्यू को जानने के लिए सबसे विश्वसनीय और प्रसिद्ध वेबसाइट है। इस वेबसाइट में आपको नेशनल और इंटरनेशनल सिनेमा की हर तरह की फिल्मों, टीवी शोज़, सेलिब्रिटीज़, अवॉर्ड और इवेंट्स के साथ वेब सीरीज़ का पूरा-लेखा जोखा मिल जाएगा।
यहां जानें 2022 की टॉप 10 सबसे लोकप्रिय भारतीय फिल्मों की लिस्ट-

द कश्मीर फाइल्स
विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी ये फिल्म इस साल दर्शकों के बीच सबसे लोकप्रिय रही। फिल्म ने ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि अपने कंटेंट को लेकर भी तारीफें बटोरी। फिल्म में अनुपम खेल, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार जैसे कलाकार थे।

केजीएफ- चैप्टर 2
14 अप्रैल 2022 को रिलीज हुई, प्रशांत नील के निर्देशन में बनी यह फिल्म तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी। फिल्म ने हिंदी में 434 करोड़ की कमाई की।
फिल्म में यश, संजय दत्त, रवीना टंडन, श्रीनिधि शेट्टी और प्रकाश राज मुख्य किरदारों में हैं।

आरआरआर
एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रामचरण, जूनियर एनटीआर, अजय देवगन और आलिया भट्ट अहम किरदारों में दिखे। शुरुआत से ही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज रहा। ना सिर्फ भारत में, बल्कि वर्ल्डवाइड भी फिल्म काफी लोकप्रिय रही।

गंगूबाई काठियावाड़ी
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी आलिया भट्ट की इस फिल्मों को समीक्षकों से साथ साथ आम दर्शकों से भी पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली थी। कमाई के मामले में हालांकि फिल्म औसत रही। फिल्म ने 129 करोड़ का कलेक्शन किया था।

विक्रम
अपने जबरदस्त स्टारकास्ट की वजह से फिल्म रिलीज से पहले ही काफी लोकप्रियता बटोरना शुरु कर चुकी थी। लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कमल हसन, विजय सेतुपति और फहाद फासिल मुख्य किरदारों में थे।

झुंड
अमिताभ बच्चन स्टारर इस फिल्म को अपने कंटेंट के लिए तो बहुत सराहा गया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल नहीं चली। हालांकि इस रिपोर्ट से साफ है कि लोगों ने इसके बारे में चर्चा जरूर की है।

सम्राट पृथ्वीराज
अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर स्टारर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। फिल्म पहले अपने कंटेंट और बाद में अपनी कमाई को लेकर लगातार चर्चा में रही थी।

रनवे 34
अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखाया, लेकिन ओटीटी पर यह काफी पसंद की जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन भी अजय देवगन ने ही किया था।

अ थर्सडे
यामी गौतम की यह संस्पेंस थ्रिलर ओटीटी पर ही रिलीज हुई थी। फिल्म को अपने कंटेंट और अभिनय के लिए काफी तारीफ मिली थी। कोई शक नहीं कि बिग बजट फिल्मों के बीच इस फिल्म का शामिल होना एक खास बात है।

हृदयम
विनीत श्रीनिवासन के निर्देशन में बनी यह मलयालम फिल्म दर्शकों द्वारा खूब पसंद की गई। आईएमडीबी पर फिल्म को 8.1 की रेटिंग मिली हुई है। इस रोमांटिक ड्रामा में प्रणव मोहनलाल और कल्याणी प्रियदर्शन ने मुख्य भूमिका निभाई थी।


Click it and Unblock the Notifications