RRR की एक टिकट की कीमत 2100, फैंस का पागलपन, सिनेमाघर में नुकीली पाइप, बंपर एडवांस बुकिंग !
राजामौली की RRR आरआरआर रिलीज के लिए तैयार है। ऐसे में फिल्म की एडवांस बुकिंग भी तेजी से बढ़ रही है। साउथ के दो बड़े सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और रामचरण के फैंस के बीच फिल्म का क्रेज भी 25 मार्च को देखने मिलेगा। साउथ के दर्शक अपने स्टार्स को भगवान की तरह मानते हैं ऐसे में दूध और फूल चढ़ाने के साथ कई बार सिनेमाघर के भीतर भी फैंस का क्रेज थामना सिनेमा मालिकों के लिए बड़ी मुश्किल का काम होता है।

आरआरआर की रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग की खास तैयारी की गई है। खास तौर पर आंध्र प्रदेश में एक थिएटर में स्क्रीन के आगे कांटेदार तारों से उसे बांध दिया गया है। इसकी फोटो भी सामने आयी है। इस तरीके से फैंस को स्क्रीन के पास आने से रोका जाएगा। वहीं खबर है कि आंध्र प्रदेश के एक दूसरे सिनेमाघर में स्क्रीन के आगे लकड़ी का बोर्ड लगाया गया है। इस बोर्ड पर कीलें लगाई गई हैं।

RRR की एक टिकट की कीमत 2100
हाल ही में एक न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट अनुसार एंबिएंस मॉल गुड़गांव में RRR की एक टिकट की कीमत 2100 रुपए है। इतनी अधिक कीमत हिंदी में आरआरआर 3 डी में देखने के लिए है। वहीं दूसरी तरफ एक रिपोर्ट में सामने आया है कि आरआरआर के टिकट की कीमत में 70 रुपए अधिक बढ़ाए जायेंगे।

मुंबई में टिकट की कीमत
मुंबई में भी आरआरआर के टिकट की कीमत आसमान तक पहुंच गई है। लोअर परेल के पीवीआर आईकॉन में तेलुगू RRR की टिकट की कीमत 1320 रुपए तक पहुंच गई है। साथ ही रिलीज के 10 दिन तक टिकट की कीमत बाकी की फिल्मों की तुलना में अधिक होगी।

करोड़ों की एडवांस बुकिंग आरआरआर
एडवांस बुकिंग हैदराबाद, आंध्र प्रदेश में हाउसफुल बताया जा रहा है। सुबह 6.30 से पहला शो दिखाया जाएगा। बुधवार को एडवांस बुकिंग में आरआरआर ने 8 करोड़ से अधिक का आंकड़ा पार कर लिया है, जो कि किसी भी तेलुगू फिल्म के लिए बड़ी एडवांस बुकिंग बताई जा रही है। गुरुवार तक एडवांस बुकिंग का आंकड़ा 15 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।

RRR ओपनिंग कमाई 100 करोड़ से अधिक
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि राजामौली की RRR की पहले दिन ओपनिंग कमाई 100 करोड़ से अधिक हो सकती है। खास तौर पर तेलुगू में फिल्म की कमाई सबसे अधिक होने की उम्मीद है। 400 करोड़ के बजट में तैयार RRR में रामचरण, जूनियर एनटीआर, अजय देवगन और आलिया भट्ट प्रमुख भूमिका में हैं। बताया जा रहा है कि आरआरआर कमाई के लिहाज से इतिहास रच सकती है।


Click it and Unblock the Notifications