जॉनाथन रॉस और रसेल ब्रांड निलंबित

मामला यह है कि उन्होंने रेडियो-2 के एक कार्यक्रम के दौरान एक अभिनेता को फ़ोन कर के उनके लिए 'अश्लील और अभद्र' संदेश छोड़े.
बीबीसी के महानिदेशक मार्क थॉम्पसन ने एक वक्तव्य में यह घोषणा की है.
इस बीच अभिनेता ऐंड्रूय सैक्स की पोती जॉर्जीना बेली ने एक समाचार पत्र से कहा कि रॉस और ब्रांड को नौकरी से निकाल दिया जाना चाहिए.
| किसी ऐसे भले बुज़ुर्ग का अपमान करने में क्या मज़ा आ सकता है जिसने कभी किसी को नुक़सान नहीं पहुँचाया |
रसेल ब्रांड के शनिवार रात को प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में 18 अक्तूबर को यह रिकॉर्डिंग सुनवाई गई.
फ़ोन पर जो संदेश थे उनमें से एक यह भी था जिसमें रॉस को यह कहते सुना जा सकता था कि ब्रांड ने सैक्स की पोती जॉर्जीना के साथ यौन संबंध बनाए थे.
हज़ारों ने की शिकायत
इस कार्यक्रम के प्रसारण के बाद 18 हज़ार लोगों ने बीबीसी से शिकायत की.
तेईस वर्षीय जॉर्जीना ने सन पत्रिका से कहा कि दोनों व्यक्तियों ने जो कुछ किया है उसकी भरपाई तभी हो सकती है जब उनकी नौकरियाँ चली जाएँ.
उन्होंने कहा कि उनके दादा इस सब से बहुत व्यथित हैं और चाहते हैं कि यह मामला जल्द से जल्द निपटे.
जॉ्र्जीना ने कहा, "किसी ऐसे भले बुज़ुर्ग का अपमान करने में क्या मज़ा आ सकता है जिसने कभी किसी को नुक़सान नहीं पहुँचाया".
उन्होंने कहा, "ब्रांड और रॉस भर्त्सना से भी परे हैं".
| यह ही बहुत ग़लत बात थी कि उन्होंने यह सब बातें मेरे दादा के फ़ोन की आन्सरिंग मशीन पर रिकॉर्ड कीं, लेकिन यह तो हद ही हो गई कि बीबीसी ने उसे प्रसारण योग्य समझा जबकि वह इसे रोक सकते थे |
जॉर्जीना ने कहा, "बीबीसी में ऊँचे पद पर बैठे किसी व्यक्ति को लगा कि यह सब कुछ बहुत मज़ेदार है और नेशनल रेडियो के लिए जायज़ है".
रॉस ने माफ़ी मांगी
मंगलवार को सैक्स ने बीबीसी से कहा था कि रॉस ने व्यक्तिगत तौर पर उन्हें क्षमायाचना का एक पत्र और फूल ला कर दिए थे.
लेकिन उनका कहना था कि ब्रांड ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है.
इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन ने भी चिंता जताई थी और रसेल ब्रांड और जॉनाथन रॉस के रेडियो पर 'अनुचित और अस्वीकार्य' बर्ताव की आलोचना की थी.
समझा जा रहा है कि संसद में प्रश्नकाल के दौरान भी उन्हें इस बारे में सांसदों के सवालों का सामना करना पड़ेगा.


Click it and Unblock the Notifications