एक और गोलमाल

रोहित शेट्टी ने बीबीसी को बताया, “हम इस समय गोलमाल-3 की पटकथा लिख रहे हैं. जनवरी के आख़िर तक हम इस फ़िल्म के लिए कलाकारों का चुनाव भी पूरा कर लेंगे." शेट्टी ने कहा कि गोलमाल-3 की शूटिंग अप्रैल में शुरु करने की योजना है ताकि फ़िल्म दिवाली में रिलीज़ के लिए तैयार हो जाए.
हांलाकि रोहित शेट्टी ने इस बात की पुष्टि नहीं की लेकिन ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि गोलमाल-3 के लिए करीना कपूर को साइन किया गया है. सुना है गोलमाल के इस तीसरी श्रृंखला में अजय देवगन,तुषार कपूर,शरमन जोशी,अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में होंगे.
करीना कपूर के बारे में रोहित शेट्टी कहते हैं, “करीना बहुत ही पेशेवर ऐक्टर हैं. उन्हें फ़िल्म की अलग-अलग विधाओं की पूरी समझ है.ये समझ होना बहुत ज़रुरी होता और ये बात उनमें है." रोहित शेट्टी बीते ज़माने के फ़ाइट मास्टर और खलनायक की भूमिकाएं करने वाले अभिनेता शेट्टी के बेटे हैं. उन्होंने 'गोलमाल', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'ऑल द बेस्ट' जैसी फ़िल्में बनाईं हैं. अजय देवगन के साथ उनका रिश्ता काफ़ी पुराना है. शेट्टी देवगन की पहली फ़िल्म 'फूल और कांटे" में बतौर ट्रेनी जुड़े हुए थे.


Click it and Unblock the Notifications











