हिंदी vs साउथ फिल्मों की बहस पर रोहित शेट्टी का करारा जवाब- "बॉलीवुड कभी खत्म नहीं होगा"
सोशल मीडिया पर लंबे समय से बॉलीवुड बनाम साउथ फिल्मों को लेकर विवाद चल रहा है। महेश बाबू, अजय देवगन, किच्चा सुदीप, सुनील शेट्टी से लेकर एक के बाद एक कई कलाकारों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। बहरहाल, इस मामले में ताजा बयान आया है निर्माता- निर्देशक रोहित शेट्टी का।
मुंबई में एक इवेंट के दौरान हिंदी और साउथ फिल्मों के विवाद पर सवाल किये जाने पर रोहित शेट्टी ने करारा जवाब दिया है। निर्देशक ने कहा, "जो लोग सोचते हैं कि बॉलीवुड खत्म हो गया, इससे उनको एक तरह की खुशी मिलती है। ये हर दौर में कहा गया है। लेकिन बॉलीवुड कभी खत्म नहीं होगा।"

रोहित शेट्टी ने अपनी बात गंभीरता से रखते हुए कहा, "ऐसा नहीं है कि साउथ अचानक से आ गया है। पहले से ही रहा है। जनरेशन जब चेंज होती है तो मीडिया भी चेंज होता है। इस वजह से भी यह सवाल आता रहा है। आप देंखेगे कि 50 और 60 के दशक में भी साउथ रहा है। एल्वी प्रसाद, जेमिनी, एवीएम... तब से चलता आ रहा है। ऐसा नहीं है कि साउथ नया है। 80 में जब अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना चल रहे थे तब कमल हासन आए और 'एक दूजे के लिए' हिट हुई।"
निर्देशक ने आगे कहा, "80 और 90 के दशक की सुपरस्टार जया प्रदा और श्रीदेवी रही हैं। पूरा एक दौर जितेंद्र का चला जब उन्होंने हिम्मतवाला, मवाली की। ये सब साउथ की फिल्में थीं। हमारे बड़े संगीतकार एआर रहमान वो साउथ से हैं। 80 के दशक में रोजा से पूरा ट्रेंड बदल गया उसे मणिरत्नम ने बनाई थी। फिर एक एक्शन फिल्म आई जो एकदम रॉ थी उसे राम गोपाल वर्मा ने बनाई थी, उसमें नागार्जुन थे। तो ये नया नहीं है।"
बॉलीवुड की सफलता पर सवाल उठा रहे लोगों को जवाब देते हुए रोहित शेट्टी ने कहा, "एक वो जो ट्रेंड है ना कि बॉलीवुड खत्म... ये एक हाइप देता है। 80 के दशक में जब वीसीआर आ गया तो कहा गया थियेटर खत्म, बॉलीवुड खत्म, हाल ही में 6 महीने पहले देखें तो ऐसा था कि ओटीटी आ गया बॉलीवुड खत्म.. लेकिन बॉलीवुड कभी खत्म नहीं होगा।"


Click it and Unblock the Notifications












