रोहित शेट्टी को जान से मारने की थी साजिश! पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, शुभम लोणकर अब भी फरार
Rohit Shetty house firing case: फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्त में लिया है। सभी आरोपियों को रविवार देर रात एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 5 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में स्वप्निल बांडू सकट (23), सिद्धार्थ दीपक ऐनपुरे (19), समर्थ शिवशरण पोमाजी (19) और आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19) शामिल हैं।
हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी समर्थ शिवशरण पोमाजी ने फरार चल रहे आरोपी शुभम लोणकर के साथ मिलकर रोहित शेट्टी को जान से मारने की प्लानिंग बनाई थी। इसी प्लानिंग के तहत रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी की गई, ताकि उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सके।
इस पूरे मामले में रोहित शेट्टी के सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि समर्थ ने मुख्य शूटर की मदद की थी, जो अब भी फरार है। पुलिस के मुताबिक, शुभम लोणकर के कहने पर समर्थ ने साथी आरोपी आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी से एक होंडा डियो स्कूटर लिया और उसे दूसरे आरोपियों की मदद से मुंबई में तय जगह पर शूटर तक पहुंचाया।
जांच में क्या आया सामने
पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का इंतजाम शुभम लोणकर की आर्थिक मदद से किया गया था, जिससे हत्या की साजिश साफ तौर पर सामने आती है। जांच एजेंसियों के अनुसार, समर्थ को पूरी प्लानिंग की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने इसमें भाग लिया और अपराध को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है।


Click it and Unblock the Notifications











