रोहित शेट्टी और अजय देवगन ने लगाया सिंघम 3 का खूंटा - 15 अगस्त 2023, ठीक 9 साल बाद लौटेगा सिंघम
रोहित शेट्टी और अजय देवगन ने मिलकर, अक्षय कुमार स्टारर सूर्यवंशी में सिंघम 3 की शुरूआत तो कर ही चुके हैं। अब पिंकविला की एक ताज़ा रिपोर्ट की मानें तो रोहित शेट्टी और अजय देवगन, 15 अगस्त 2023 को सिंघम 3 के साथ पाकिस्तान और बॉक्स ऑफिस से एक साथ निपटेंगे। माना जा रहा है कि अजय देवगन और रोहित शेट्टी की ये सबसे ज़्यादा देशभक्ति वाली फिल्म होगी।
इसलिए इस फिल्म को रिलीज़ करने के लिए स्वतंत्रता दिवस से अच्छा कोई मौका नहीं हो सकता था। इस बार, सिंघम, पाकिस्तान में बैठे भारत के विलेन जैकी श्रॉफ से निपटने की तैयारी करेगा।

सिंघम 3 की शूटिंग कश्मीर और दिल्ली में की जाएगी और फिल्म अगले साल सितंबर - अक्टूबर तक फ्लोर पर चली जाएगी। गौरतलब है कि रोहित शेट्टी काफी समय से सिंघम 3 का आईडिया क्रैक करने की कोशिश कर रहे थे और आखिरकार उन्हें ये आइडिया मिल ही चुका है जो उनकी कॉप यूनिवर्स की कहानी को एक अलग ही स्तर पर लेकर जाएगा।
हालांकि, सिंघम 3 की शुरूआत से पहले रोहित शेट्टी अपनी फिल्म सर्कस पूरी करेंगे वहीं अजय देवगन भी अपनी कई फिल्मों का बचा हुआ काम पूरा करेंगे।

सिंघम रिटर्न्स के 9 साल बाद
रोहित शेट्टी और अजय देवगन स्टारर सिंघम रिटर्न्स साल 2014 में 15 अगस्त के दिन ही रिलीज़ हुई थी। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर थी और इसे 15 अगस्त वीकेंड का पूरा फायदा मिला था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 32 करोड़ की ओपनिंग की थी। पहले वीकेंड में ही फिल्म ने 77 करोड़ की कमाई कर ली थी। फिल्म ने कुल 140 करोड़ का लाईफटाईम बिज़नेस किया था और ये अजय देवगन के करियर की सबसे सफल फिल्मों में से एक है।

तान्हाजी के साथ बढ़ी ज़िम्मेदारी
दिलचस्प है कि तान्हाजी के साथ अजय देवगन के ऊपर बॉक्स ऑफिस की ज़िम्मेदारी बढ़ चुकी है। तान्हाजी के साथ अजय देवगन ने बॉक्स ऑफिस पर नए दशक की शुरूआत धमाकेदार तरीके से की। फिल्म 2020 की और इस दशक की पहली ब्लॉकबस्टर है। तान्हाजी ने बॉक्स ऑफिस पर 279 करोड़ की कमाई की। इसके पहले, अजय देवगन और रोहित शेट्टी का साथ ही अजय देवगन के हिस्से में ब्लॉकबस्टर फिल्में लेकर आ पाया। उनकी दो बेहतरीन फिल्में गोलमाल अगेन और सिंघम रिटर्न्स रोहित शेट्टी का कमाल हैं।

सिंबा के साथ हुई कॉप यूनिवर्स की शुरूआत
रोहित शेट्टी ने इस कॉप यूनिवर्स का बीज डाला था रणवीर सिंह स्टारर सिंबा में। सिंबा का आधार बना था सिंघम जहां रणवीर सिंह का किरदार सिंबा, पुलिस ऑफिसर सिंघम का फैन होता है। वहीं क्लाईमैक्स में जब वाकई सिंघम अजय देवगन की एंट्री हुई थी तो फैन्स ने थिएटर में तालियों के साथ कुर्सी तोड़ जश्न मनाया था। यहीं से ये साफ था कि फैन्स को इस कॉप यूनिवर्स में दिलचस्पी होगी। सिंघम इस यूनिवर्स के पहले हीरो हैं।

हो चुकी है सिंघम Vs मर्दानी की कोशिश
खबरें थीं कि रोहित शेट्टी इस कॉप यूनिवर्स में मर्दानी को भी जोड़ने की कोशिश करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने यशराज फिल्म्स से काफी समझौते करने की कोशिश की लेकिन कोई बात नहीं बनी। रोहित शेट्टी सिंघम 3 के लिए रानी मुखर्जी और अजय देवगन को साथ लाना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने सूर्यवंशी के लिए भी ये कोशिश की। लेकिन अभी तक वो एक अच्छी डील नहीं क्रैक कर पाए हैं।

जैकी श्रॉफ होंगे विलेन
सूर्यवंशी में निगेटिव लीड निभाने के बाद जैकी श्रॉफ ही सिंघम 3 के लिए अभी से लॉक हो चुके हैं। सिंघम 3 की शुरूआत जैकी श्रॉफ और अजय देवगन सूर्यवंशी में कर ही चुके हैं। सूर्यवंशी में आखिरी सीन में ही सिंघम 3 का प्लॉट बिछाया जा चुका है जहां अजय देवगन, जैकी श्रॉफ के किरदार से निपटने का वादा करते दिखाई दे चुके हैं।

सिंघम 3 का इंतज़ार
अब बस रोहित शेट्टी सिंघम 3 के साथ अपनी कॉप यूनिवर्स को किस तरह और किस दिशा में बढ़ाते हैं ये देखने का इंतज़ार है। रोहित शेट्टी, भारत के सबसे सफल डायरेक्टर हैं और मसाला फिल्मों को भगवान। वो जिस फिल्म पर हाथ लगा देते हैं उसकी बॉक्स ऑफिस पर सफलता की गारंटी 100 प्रतिशत होती है। तो बस अब एक बार फिर से अजय देवगन को अता माझी सटकली बोलने का इंतज़ार कीजिए।


Click it and Unblock the Notifications











