Tum Kya Mile: रणवीर- आलिया ने पहाड़ों पर लगाया रोमांस का तड़का, फैंस बोले- इसी बॉलीवुड से तो प्यार है

Rocky Aur Rani Kii Prem Kahaani: जब से करण जौहर के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के टीज़र में रोमांटिक ट्रैक "तुम क्या मिले" की पहली झलक सामने आई है, तब से दर्शक इस गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
'ऐ दिल है मुश्किल' के बाद, करण जौहर ने एक बार फिर प्रीतम और अरिजीत सिंह के साथ मिलकर काम किया है। वहीं, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की खूबसूरत केमिस्ट्री गाने को और भी बेहतरीन बनाती है। यह गाना सारेगामा म्यूजिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है।
अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज के साथ, गाने में बोल हैं अमिताभ भट्टाचार्य के.. जबकि म्यूजिक दिया है प्रीतम ने। फैंस इस गाने पर जबरदस्त प्रतिक्रिया दे रहे हैं। खासकर इसीलिए भी.. क्योंकि ये एक ओरिजनल सॉन्ग है। वहीं, बर्फ की पहाड़ियां और शिफॉन साड़ियों को देखकर नेटिजन्स कह रहे हैं कि उन्हें ऐसी ही बॉलीवुड फिल्म का इंतजार था।
एक यूजर ने गाने पर रिएक्शन देते हुए लिखा- मैं जिसका इंतजार कर रही थी.. ये वही बॉलीवुड है जिसे हम सभी प्यार करते हैं.. परफेक्ट करण जौहर स्टाइल रोमांस..
वहीं, एक अन्य ने लिखा- इस गाने में शाहरुख और काजोल वाला चार्म है..
इस गाने को रिलीज करते करण जौहर ने कहा, "लव सॉन्ग हमेशा चुनौतीपूर्ण होते हैं। मुझे याद है कि हमने रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लव सॉन्ग की रिकॉर्डिंग अंत में रखी थी.. क्योंकि प्रीतम दादा, अमिताभ और मैं इस बात को लेकर बहुत घबराए हुए थे कि गाना कैसा होगा। हम हमेशा अपने बांद्रा ऑफिस में मिलते थे क्योंकि दादा इसे अपने लिए बहुत भाग्यशाली मानते थे। मुझे याद है कि हमारे एक सेशन में, उन्होंने हमें सिर्फ तुम क्या मिले की धुन सुनाई थी और यह तुरंत मेरे मन में गूंज उठी।"
बता दें, ये फिल्म 28 जुलाई, 2023 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications











