'फ़ालतू सुनना लगता है कूल'

रितेश देशमुख जल्द ही 'फ़ालतू' में नज़र आएंगे.
रितेश देशमुख को आजकल कोई फ़ालतू कहता है तो उन्हें बड़ा मज़ा आता है. और वो इस बात का बिलकुल भी बुरा नहीं मानते.
'फ़ालतू' शब्द से उन्हें तब से लगाव हो गया है जब से उन्होंने इस नाम की फ़िल्म में काम किया है.
मुंबई में अपनी इस फ़िल्म का प्रमोशन करने पहुंचे रितेश बोले, "पहले मुझे जब कोई फ़ालतू बोलता था तो बड़ा बुरा लगता था, लेकिन अब नहीं. 'फ़ालतू' में काम करने के बाद तो अब मुझे ये शब्द बड़ा कूल लगता है और मुझे अच्छा लगता है जब कोई मुझे फ़ालतू बोलता है."
इस दौरान रितेश बार-बार 'फ़ालतू' शब्द का इस्तेमाल करते नज़र आए.
उन्होंने फ़िल्म में अपने रोल के बारे में कहा, "मैं इस फ़िल्म में एक प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहा हूं, जो छात्रों से दोस्त की तरह पेश आता है और पढ़ाई के अलावा भी ज़िंदगी जीने का तरीका समझाता है."
'फ़ालतू' के निर्देशक कोरियोग्राफ़र रेमो डिसूज़ा हैं, जिसमें जैकी भागनानी की भी मुख्य भूमिका है.
इसके अलावा रितेश की आने वाली फ़िल्में हैं डबल धमाल और हाउसफ़ुल 2. दोनों ही मल्टी स्टारर फ़िल्में हैं.
क्या रितेश सोलो फ़िल्में करने से कतराते हैं. ये पूछने पर रितेश ने कहा, "कोई दमदार स्क्रिप्ट लेकर आएगा तो सोलो रोल वाली फ़िल्में भी करूंगा. लेकिन ऐसा अभी तक हुआ नहीं."


Click it and Unblock the Notifications











