करियर की शुरुआत में मिला धोखा.. अब खुलकर बोलीं ऋचा चड्ढा, अपनी मासूमियत पर कही ये बात
Richa Chadha on Cheating: अभिनेत्री और निर्माता ऋचा चड्ढा ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं से सीधे उनसे संपर्क करने की अपील की है और साथ ही अपने करियर की शुरुआत में हुए एक पेशेवर धोखे का भी जिक्र किया।

अपने सफर के बारे में खुलकर बात करते हुए ऋचा ने इंडी फिल्ममेकर्स से कहा कि वे उनसे जुड़ने में हिचकिचाएं नहीं। उन्होंने कहा, "अक्सर स्वतंत्र फिल्म निर्माता यह सोच लेते हैं कि मेरे जैसे कलाकारों तक पहुंचना मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।
अगर कहानी सच्ची है और इरादा सही है, तो मैं ज़रूर उसका हिस्सा बनना चाहती हूं।" उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि वह हमेशा से अर्थपूर्ण और कहानी-प्रधान सिनेमा का समर्थन करती आई हैं।
एक भावुक पल में ऋचा ने अपने शुरुआती दिनों की एक कड़वी सच्चाई भी साझा की। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति पर उन्हें पूरा भरोसा था, उसी ने एक अहम मोड़ पर उनके खिलाफ काम किया। उन्होंने कहा, "करियर की शुरुआत में मुझे समझ आया कि हर वह इंसान जो आपके लिए खुश दिखता है, वह सच में आपके साथ नहीं होता। कई लोग आपसे डरते हैं और नहीं चाहते कि आप उनसे आगे निकलें। वे चाहते हैं कि आप हमेशा उनके एहसान तले दबे रहें।
वह अनुभव मेरे लिए काफी झकझोर देने वाला था, लेकिन उससे मैंने सीखा कि अपनी आवाज़ और अपने फैसलों की रक्षा कैसे करनी है, और इतना भी मासूम नहीं रहना है।"


Click it and Unblock the Notifications











