ऋचा चड्ढा की शानदार पहल, सिनेमा लाइटिंग में महिलाओं को करेंगी प्रशिक्षित, कहा- 'बदलाव जरूरी है'
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और निर्देशक सुचि तलाती ने एक शानदार पहल के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म उद्योग में महिलाओं की समानता के लिए, वे सिनेमा लाइटिंग में महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए अंडरकरंट फिल्म लैब शुरू कर रही हैं। इस प्रोग्राम के तहत प्रोफेशनल सिनेमेटोग्राफर्स और gaffers के जरीए 10 महिलाओं को सिनेमा लाइटिंग में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस पहल के बारे में साझा करते हुए अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने कहा, "हमारी आने वाली फिल्म गर्ल्स विल बी गर्ल्स के प्री-प्रोडक्शन के दौरान, हमने सोचा कि क्यों ना सिर्फ महिलाओं का क्रू बनाया जाए, लेकिन जब हमने महिला gaffer और लाइटिंग तकनीशियनों को ढूंढना शुरू किया, तो हमें एक- दो छोड़कर कोई भी महिला नहीं मिली।"

ऋचा ने बताया, "इंडस्ट्री में कुछ डिपार्टमेंट्स में सिर्फ पुरूष हैं, जैसे कि लाइटिंगमैन, कैमरामैन आदि। इन विभागों में महिलाओं को ढूंढना मुश्किल या असंभव है। तभी हमने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को स्थापित करने का फैसला किया, क्योंकि बिना किसी स्थापित प्रणाली के ये विभाग महिलाओं के लिए पहुंच से बाहर हैं।"
अभिनेत्री फिल्म इंडस्ट्री के बदलते स्वरूप पर बात करते हुए कहा, "पहले फिल्म के सेट्स पर सिर्फ मेकअप दादा होते थे, वहां भी बिरले ही महिलाएं दिखती थीं। लेकिन धीरे-धीरे चीजें बदल रही हैं। अब इस विभाग में महिलाएं भी हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बदलाव लाइटिंग डिपार्टमेंट में भी देखने को मिलेगा।"
वहीं, निर्देशक सुचि कहती हैं, "इंटिमेट सीन्स की शूटिंग के दौरान अभिनेत्रियों के लिए बहुत अलग माहौल होगा, अगर सेट पर महिलाओं का क्रू होगा। ये बातें मायने रखती हैं।" उन्होंने बताया, "यह अपनी तरह की अनूठी पहल होगी, क्योंकि दुनिया में कहीं भी, बॉलीवुड या हॉलीवुड में, सिनेमा लाइटिंग में महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए इस प्रकार की प्रशिक्षण प्रोग्राम स्थापित नहीं की गई है।"
ऋचा ने कहा, "अगर हम ऐसा करने के बारे में सोच सकते हैं तो बाकी प्रोडक्शन हाउस क्यों नहीं। मुझे उम्मीद है कि कई अन्य प्रोडक्शन हाउस, मुख्य रूप से बड़े, महिलाओं के लिए लाइटिंग (और अन्य) विभागों में प्रवेश करने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। और मुझे उम्मीद है कि हम जिन लड़कियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, उन्हें बिना किसी लिंग भेद के उद्योग में अवसर मिलेगा।"


Click it and Unblock the Notifications
