'अंधा कानून' और 'आखिरी रास्ता' का भी बनेगा रीमेक
मुंबई। अपने दमदार अभिनय और आवाज के दम पर सफलता की ऊचाइंयों पर पहुंच चुके अभिनेता अमिताभ बच्चन की फिल्में दर्शकों में कितनी लोकप्रिय है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी अभिनीत फिल्मों के रीमेक का एक चलन सा हो गया है। उनकी 'डॉन'और 'अग्निपथ' जैसी फिल्मों की रीमेक बन ही चुकी है। अब पेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी ने 'आखिरी रास्ता' और 'अंधा कानून' के राइट भी खरीद लिये हैं। इस बारे में सीएमडी ने बताया कि इनमें से एक फिल्म पर हम जल्द ही काम शुरू करने वाले हैं, जबकि दूसरी पर अगले साल काम शुरू होगा।
1983 में आयी फिल्म 'अंधा कानून' से ही दक्षिण भारत के सुपर स्टार रजनीकांत ने हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया था। 'आखिरी रास्ता' में अमिताभ ने डबल रोल निभाये थे। इसके अलावा बॉलीवुड में अमिताभ की कमबैक मूवी कही जाने वाली 'जंजीर' की भी रीमेक बन रही है। इसमें तेलूगू फिल्मों के सुपरस्टार राम चरण तेजा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
अभी तक 'डॉन' और 'अग्निपथ' ने बेहतरीन बिजनेस किया है। इनमें क्रमश: शाहरूख खान और रितिक रोशन ने काम किया है। अब देखने वाली बात है कि 'आखिरी रास्ता' और 'अंधा कानून' में किस स्टार को साइन किया जाता है।


Click it and Unblock the Notifications












