रावण के साथ है रिलायंस
रिलायंस बिग पिक्चर्स कंपनी के सीईओ संजीव लांबा ने मणि रत्नम निर्देशित फिल्म से कंपनी के अलग होने की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि कंपनी अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय अभिनीत फिल्म 'रावण' से पहले दिन से ही जुड़ी हुई है।
लांबा ने कहा, "हम मद्रास टॉकीज (रत्नम की निर्माण कंपनी) के साथ फिल्म का सह-निर्माण कर रहे हैं। हम पहले दिन से फिल्म से जुड़े हुए हैं। हमारे इससे अलग होने की खबरें सही नहीं हैं।"
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक रिलायंस बिग पिक्चर्स पहले 'रावण' का निर्माण कर रही थी लेकिन बाद में उसने अज्ञात कारणों से खुद को इससे अलग कर लिया है।
लांबा ने कहा, "फिल्म अब निर्माण के बाद की प्रक्रियाओं से गुजर रही है। हमें उम्मीद है कि मार्च-अप्रैल में इसका वैश्विक प्रदर्शन होगा। हमें देश के सबसे अच्छे फिल्म निर्देशकों में से एक मणि रत्नम के साथ जुड़ने पर गर्व है। 'गुरु' में भी हमने मणि रत्नम के साथ काम किया था।"
रत्नम ने कोच्चि के जंगलों और फिर झांसी में इस फिल्म की शूटिंग की है। फिल्म में भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने भी अभिनय किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह फिल्म हिंदुओं के पौराणिक ग्रंथ 'रामायण' की आधुनिक व्याख्या है। इसे हिंदी और तमिल भाषाओं में बनाया गया है बाद में इसका तेलुगू संस्करण भी बनाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











