रहमान में अगला माइकल जैकसन बनने की क़ाबिलियत

ए आर रहमान दूसरी बार गोल्डन ग्लोब के लिए नामांकित.
संगीतकार ए आर रहमान को दूसरी बार गोल्डन ग्लोब के लिए नामांकित किए जाने पर भारतीय संगीत से जुड़ी हस्तियां बेहद ख़ुश हैं. फ़िल्म 'स्लमडॉग मिलेनियर' के लिए ऑस्कर जीतने वाले साउंड टेक्निशियन रेसुल पोकुट्टी ने बीबीसी से बात करते हुए रहमान को जीनियस और बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताया.
पोकुट्टी कहते हैं "रहमान संगीतज्ञ भी हैं, गाते भी हैं, स्टेज परफॉर्मर भी हैं. मेरे ख़्याल से पूरी दुनिया उन्हें एंटरटेनर के तौर पर जानती है ना कि सिर्फ़ बतौर संगीतकार. वो अगले माइकल जैकसन बनने की राह पर हैं."
ए आर रहमान को इस बार नामांकन डैनी बॉयल की फ़िल्म '127 ऑवर्स' के लिए मिला है. इससे पहले डैनी की ही फ़िल्म 'स्लमडॉग मिलेनियर' में बेहतरीन संगीत देने के लिए रहमान दो ऑस्कर और एक गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीत चुके हैं.
रेसुल आगे कहते हैं, "रहमान अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स के मद्देनज़र अपने संगीत में कई तरह के प्रयोग कर रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि उन्हें आगे कई पुरस्कार और मिलेंगे."
रहमान के बचपन के दोस्त और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ड्रमर शिवमणि भी उनकी इस उपलब्धि पर बेहद उत्साहित हैं. वो कहते हैं, "रहमान तो संगीत के लिए ही पैदा हुए हैं. बल्कि उनका संगीत सुनकर ही विदेश में भारतीय फ़िल्मों और संगीत के प्रति लोगों की दिलचस्पी बहुत ज़्यादा बढ़ गई. मैं उन्हें कामयाबी के लिए शुभकामना देता हूं."
44 वर्षीय पद्म भूषण ए आर रहमान 'स्लमडॉग मिलेनियर' के लिए दो ग्रैमी अवॉर्ड भी जीत चुके हैं.


Click it and Unblock the Notifications