एआर रहमान को दो ग्रैमी पुरस्कार

भारत के जाने माने संगीतकार एआर रहमान ने दो ग्रैमी पुरस्कार जीते हैं.
रहमान को ऑस्कर पुरस्कार विजेता फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में सर्वश्रेष्ठ संगीत के लिए ग्रैमी पुरस्कार दिया गया है.
उन्हें दूसरा ग्रैमी पुरस्कार स्लमडॉग मिलियनेयर के गाने ‘जय हो’ के लिए दिया गया है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार ग्रैमी पुरस्कार जीतने के बाद रहमान ने कहा,''ये पागल कर देने वाली ख़बर है, ऊपर वाला दोबारा मेहरबान हुआ है.''
ग्रैमी पुरस्कार संगीत की दुनिया में नोबेल पुरस्कारों के समकक्ष माने जाते हैं.
ग्रैमी में रैप,रॉक,पॉप और शास्त्रीय संगीत की 109 शैलियों में कलाकारों को पुरस्कृत किया जाता है.
वैसे रहमान के लिए अवार्ड कोई नए नहीं हैं.
रहमान ने इसके पहले स्लमडॉग मिलियनेयर के संगीत के लिए ऑस्कर पुरस्कार जीतकर इतिहास रचा था.
रहमान की जय जयकार
स्लमडॉग के संगीत के लिए रहमान को कुछ ही दिन पहले क्रिटिक्स अवार्ड भी मिला था.
ग़ौरतलब है कि मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी इस फ़िल्म का संगीत अत्यंत लोकप्रिय रहा.
52वें ग्रैमी पुरस्कारों में इस बार भारतीय संगीत की चार जानी-मानी हस्तियों, ऑस्कर विजेता एआर रहमान, उस्ताद ज़ाकिर हुसैन, उस्ताद अमजद अली ख़ान और गीतकार गुलज़ार को नामांकित किया गया था.
उल्लेखनीय है कि 'जय हो' को जाने माने गीतकार गुलज़ार ने लिखा है.
अमजद अली ख़ान को उनकी अपने ही एल्बम एशिएंट साउंड्स के लिए बेहतरीन पारंपरिक विश्व संगीत की श्रेणी में नामांकित किया गया है.
इस एल्बम ‘एशिएंट साउंड्स’ में उस्ताद अमजद अली ख़ान और इराक़ी-अमरीकन संगीतकार रहीम अलहज पहली बार एक साथ आए हैं.
इस एल्बम में सात गाने हैं जिन्हें खुद अमजद अली ख़ान ने लिखा और स्वरबद्ध किया है.
पिछले वर्ष ग्रैमी पुरस्कार जीत चुके उस्ताद ज़ाकिर हुसैन को उनके एल्बम, 'द मेलोडी ऑफ़ रिदम' के लिए बेहतरीन शास्त्रीय क्रॉसओवर एलबम की श्रेणी में नामांकित किया गया था.


Click it and Unblock the Notifications