पैसे बनाने का जरिया रियलिटी शो

जल्द पैसा कमाने की ख्वाहिश से टेलीविजन कलाकार रियलिटी कार्यक्रमों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इन कार्यक्रमों में कम समय लगता है, जल्दी पैसा मिलता है और इनको टीवी पर अधिक समय तक दिखाया भी जाता है।
स्टार प्लस के रियलिटी शो 'जरा नच के दिखा' में भाग ले चुके अभिषेक अवस्थी का कहना है, "टीवी कलाकारों के रियलिटी शो की ओर रुख करने की एक बड़ी वजह पैसा है। इन कार्यक्रमों में कुछ दिन की प्रतिबद्धता होती है और इनसे पैसा बहुत जल्दी मिल जाता है।"
अभिषेक को पहले आइटम गर्ल राखी सावंत ब्वॉय फ्रेंड के तौर पर ही पहचाना जाता था। इन दोनों की जोड़ी ने डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' में हिस्सा लिया था। फिर दोनों अलग हो गए लेकिन अब फिर अभिषेक एक नए डांस रियलिटी शो में भाग ले रहे हैं जिसमें राखी भी हैं।
मनोरंजन उद्योग के सूत्रों का कहना है, रियलिटी शो के लिए कलाकारों को 200,000 रुपये या इससे ज्यादा पैसा भी दिया जाता है। दूसरी ओर टीवी धारावाहिकों में अभिनय के लिए उन्हें प्रतिदिन की शूटिंग के आधार पर 2,000 से लेकर 80,000 रुपये तक दिए जाते हैं। 'जस्सी जैसी कोई नहीं' के अभिनेता अपूर्व अग्निहोत्री भी रियलिटी शो में हिस्सा ले चुके हैं लेकिन वह मानते हैं कि इस तरह के कार्यक्रम कलाकारों को बर्बाद कर देते हैं।
'नच बलिए' और 'पति, पत्नी और वो' रियलिटी कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके अपूर्व कहते हैं, "मुझे लगता है कि रियलिटी कार्यक्रम कलाकारों को बर्बाद कर देते हैं। इन कार्यक्रमों से कम समय में आसानी से ज्यादा पैसा हासिल किया जा सकता है। इसलिए यदि आप टीवी पर प्रख्यात हैं और अच्छा पैसा कमाना चाहते हैं तो रियलिटी शो में जा सकते हैं।"
रियलिटी शो 'जरा नच के दिखा' के प्रतिभागी आमिर अली कहते हैं, "धारावाहिकों में मैं नहीं होता हूं, मैं एक किरदार कर रहा होता हूं लेकिन रियलिटी शो में मैं खुद होता हूं और ये कार्यक्रम खुद को दर्शकों के सामने रखने का एक जरिया हैं।" कम समय में जब ढेर सारी पब्लिसिटी और खूब सारा पैसा मिले तो फिर कोई डेली सीरीयल क्यों करे रियलिटी शो ना करे।


Click it and Unblock the Notifications











