पवई स्टूडियो में शख्स ने 20 बच्चों को बनाया बंधक, फिल्मी स्टाइल में बगावत और दी सबको जलाने की धमकी फिर...

Powai hostage case Mumbai: मुंबई में गुरुवार (30 अक्टूबर) को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने लोगों को फिल्मों जैसी थ्रिलर कहानी की याद दिला दी। पवई के एक स्टूडियो में रोहित आर्या नाम के शख्स ने करीब 20 बच्चों को बंधक बना लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना लोगों को 'A Thursday', 'A Wednesday' और 'Madaari' जैसी फिल्मों की याद दिलाने लगी, जिनमें आम आदमी सिस्टम के खिलाफ खड़ा होता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें रोहित आर्या कहता नजर आया, 'मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं। अगर किसी ने बीच में दखल दिया तो सबको आग लगा दूंगा।'
वीडियो में उसने यह भी कहा कि 'आत्महत्या करने के बजाय मैंने एक प्लान बनाया है और कुछ बच्चों को यहां रखा है। मेरी मांगें बहुत साधारण हैं, मैं पैसे नहीं चाहता, बस जवाब चाहता हूं।'
उसकी बातें सुनकर लोग हैरान रह गए, क्योंकि उसका अंदाज फिल्मों के किरदारों जैसा लग रहा था।
बॉलीवुड फिल्मों से मिलती-जुलती कहानी
लोगों का मानना है कि शायद रोहित को फिल्मों से प्रेरणा मिली हो। फिल्म 'A Thursday' (2022) में यामी गौतम ने एक टीचर का किरदार निभाया था, जो 16 बच्चों को बंधक बनाकर सिस्टम से जवाब मांगती है।
'A Wednesday' (2008) में नसीरुद्दीन शाह एक आम आदमी बनकर आतंकियों के खिलाफ खड़ा होता है और मुंबई में बम धमाके की चेतावनी देकर पुलिस को चुनौती देता है।
वहीं 'Madaari' (2016) में इरफान खान एक पिता का रोल निभाते हैं, जो अपने बेटे की मौत का बदला लेने और सिस्टम की जवाबदेही तय करने के लिए एक मंत्री के बच्चे को किडनैप करता है।
ऐसे में पवई की यह घटना देखकर लोगों को लगा कि शायद सिनेमा और हकीकत के बीच की लाइन अब मिटती जा रही है।
कैसे हुआ पवई का बंधक कांड
गुरुवार दोपहर पवई के आरए स्टूडियो में अफरा-तफरी मच गई जब लोगों को पता चला कि रोहित आर्या ने करीब 20 बच्चों को कमरे में बंद कर लिया है। बच्चों के माता-पिता बाहर रोते-बिलखते खड़े थे और खिड़कियों से कुछ बच्चे डर के मारे बाहर झांकते नजर आए। रोहित ने धमकी दी कि अगर किसी ने अंदर आने की कोशिश की तो वह सबकुछ आग लगा देगा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, पूरे इलाके को घेर लिया गया और करीब दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने रोहित आर्या को पकड़ लिया। मौके से एक एयर गन और कुछ केमिकल्स भी बरामद हुए। फिलहाल पुलिस उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और उसके पीछे की असली वजह क्या थी।
यह घटना न सिर्फ मुंबई बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों के मन में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या फिल्मों में दिखाए जाने वाले न्याय के लिए बगावत जैसे सीन, कहीं हकीकत को भी प्रभावित कर रहे हैं?


Click it and Unblock the Notifications











