Deepfake Video: रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार, चेन्नई से किया B.Tech और गूगल से...

दक्षिण भारत की अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाने वाले युवक को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशन) ने गिरफ्तार कर लिया है। स्पेशल सेल के डीसीपी हेमंत तिवारी ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले, स्पेशल सेल का कहना था कि दक्षिण भारत के ही किसी शख्स ने मंदाना का डीपफेक वीडियो बनाया था।
दिल्ली पुलिस ने मामले में आरोपी ईमानी नवीन को गिरफ्तार किया है, जो आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के पालापारू गांव का रहनेवाला है। उसकी उम्र 24 साल है। इसी ने मंधाना के डीपफेक वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ई, नवीन रश्मिका मंदाना का फैन पेज चलाता था। इसके आलावा वह साउथ की एक और एक्ट्रेस और एक दूसरे चर्चित हस्ती का फैन पेज भी चलाता था। जिनपर उसके लाखों फॉलोवर्स थे। पुलिस ने बताया कि काफी समय तक रश्मिका मंदांना का फैन पेज चलाने के बावजूद उसके फॉलोअर्स नहीं बढ़ रहे थे यही वजह थी कि उसने रश्मिका मंदाना का डीप फेक वीडियो बनाने की सोची और यूट्यूब के जरिए डीपफेक वीडियो बनाने के लिए एक कोर्स भी किया। पुलिस की माने तो आरोपी का मकसद डीपफेक वीडियो बनाकर ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़ाकर पैसा कमाना था।
नवीन ने बताया कि जब उसे यह पता चला कि उसने डीपफेक वीडियो बनाकर एक गलत काम किया है तब उसने अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का पेज डिलीट कर दिया। पुलिस की मानें तो अभी तक की जांच में सिर्फ एक ही डीपफेक वीडियो की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी नवीन के मोबाइल और लैपटॉप की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने केवल एक वीडियो बनाया था या और भी बनाया है। बताया जा रहा है इस शख्स ने चेन्नई से बी टेक किया और फिर गूगल से एक और कोर्स किया।
बता दें, रश्मिका का वीडियो छह नवंबर पर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने पर आइएफएसओ ने अज्ञात के खिलाफ जालसाजी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66ई के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के विभिन्न कंपनियों को पत्र लिख जानकारी मुहैया कराने को कहा था। पुलिस ने बीते दिनों बिहार से एक शख्स को गिरफ्तार किया था।


Click it and Unblock the Notifications