यो यो हनी सिंह पर पत्नी शालिनी तलवार ने लगाए गंभीर आरोप, किया घरेलू हिंसा का केस
मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी ने घरेलू हिंसा का केस दर्ज करवाया है। हनी सिंह उर्फ हिरदेश सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा को लेकर याचिका कोर्ट में दाखिल की है। उन्होंने महिला संरक्षण एक्ट के तहत पति हनी सिंह के खिलाफ दिल्ली में याचिका दायर की है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने सिंगर व एक्टर हनी सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया है। इस पूरे मामले पर अभी तक हनी सिंह का रिएक्शन सामने नहीं आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कोर्ट ने 28 अगस्त तक हनी सिंह को अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया है व इस दौरान घर, जमीन व अन्य सामानों से छेड़छाड़ पर भी हनी सिंह पर रोक लगाई गई है। फिलहाल हनी सिंह की ओर से स्टेटमेंट इस मामले पर सामने नहीं आई है। युवाओं के पसंदीदा स्टार हनी सिंह इससे पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उनपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा व मानसिक व आर्थिक हिंसा समेत कई आरोप शामिल हैं।
बता दें हनी सिंह और शालिनी तलवार ने साल 2011 में शादी रचाई थी। दोनों की शादी को बेशक करीब 10 साल हुए हो लेकिन दोनों का साथ काफी लंबा रहा है। दोनों एक दूसरे को स्कूल समय से जानते हैं। कहा जाता है कि दोनों ने करीब 20 साल डेट करने के बाद साल 2011 में शादी की।


Click it and Unblock the Notifications











