पत्नी प्रोड्यूसर दीपिका पादुकोण के लिए रणवीर सिंह ने 83 फिल्म के लिए ली आधी फीस, जानिए क्या हुई डील
रणवीर सिंह स्टारर 83 रिलीज़ से कुछ घंटे दूर है और फिल्म को लेकर चटपटी बातें अब धीरे धीरे बाहर आ रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो 83 के लिए रणवीर सिंह ने अपनी फीस आधी कर दी। इस फिल्म को रिलायंस इंटरटेनमेंट, कबीर खान, साजिद नाडियाडवाला, मधु मंटेना, शीतल तलवार के साथ प्रोड्यूस कर रही हैं दीपिका पादुकोण।
अब ज़ाहिर सी बात है कि पत्नी प्रोड्यूसर हो तो रणवीर सिंह भी हिसाब से ही काम करेंगे। इसलिए उन्होंने अपनी 48 करोड़ की फीस को आधे से भी कम कर दिया और 20 करोड़ में 83 साईन की। हालांकि, रणवीर सिंह ने फिल्म में प्रॉफिट का हिस्सा लिया है।

गौरतलब है कि 83 बहुत ही बड़े बजट पर बनी फिल्म है। फिल्म लगभग 125 करोड़ के भारी भरकम बजट पर बनी है और फिल्म को प्रॉफिट कमाने के ज़ोन में जाने के लिए अभी काफी वक्त लगेगा। खासतौर से तब जब रणवीर सिंह को पहले ही साउथ की फिल्म पुष्पा और हॉलीवुड फिल्म स्पाईडरमैन से कड़ा मुकाबला करना पड़ रहा है।

टीम को मिले 15 करोड़
रिपोर्ट्स की मानें तो 83 के लिए वर्ल्ड कप जीतने वाली असली भारतीय क्रिकेट टीम के 15 सदस्यों को 15 करोड़ रूपये दिए गए। वहीं केवल कपिल देव को अपनी कहानी शेयर करने के लिए 5 करोड़ रूपये दिए गए। कपिल देव फिल्म में एक कैमियो करते भी नज़र आएंगे।

भावुक हुए रणवीर सिंह
एक इवेंट के दौरान, 83 के बारे में बात करते हुए रणवीर सिंह भावुक हो गए। उनका मानना है कि इस किरदार के बारे में वो कुछ कहने लायक ही नहीं है। ये किरदार उनके करियर में आया इसे वो किसी तोहफे से कम नहीं मानते हैं। रणवीर ने बताया कि उनके और कपिल देव के बीच एक समानता है कि वो दोनों ही बेहद भावुक हैं और बहुत ही जल्दी रो देते हैं।

सूर्यवंशी से कोसों दूूर
अगर ओपनिंग आंकड़ों की बात करें तो माना जा रहा है कि 83 बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 12 - 15 करोड़ की ओपनिंग करेगी। ये आंकड़ा सूर्यवंशी से कोसों दूर है। सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर 26 करोड़ की ओपनिंग की थी। हालांकि 83 के लिए आगे आने वाले दिन अच्छे होंगे क्योंकि इस समय देश भर में छुट्टियां होंगी।

स्पाईडरमैन से भारी मुकाबला
83 को अंग्रेज़ी फिल्म स्पाईडरमैन से कड़ा मुकाबला करना होगा। पिछले कुछ दिनों में स्पाईडरमैन ने भारत में जमकर कमाई की है। फिल्म ने 36 करोड़ की ओपनिंग करते ही सबको चौंका दिया था। इतना ही नहीं, स्पाईडरमैन ने 4 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। हालांकि, 83 की कमाई क्रिसमस के बाद बढ़ने के आसार हैं।

देर से मिलेगा प्रॉफिट
83, 125 करोड़ के बजट पर बनी बहुत ही भव्य फिल्म है। प्रॉफिट कमाने के लिए फिल्म को कम से कम 150 करोड़ का आंकड़ा पार करना होगा। हालांकि अगर फिल्म के लाईफटाईम कलेक्शन की बात की जाए तो माना जा रहा है कि ये फिल्म 200 - 220 करोड़ की कमाई कर सकती है। लेकिन फिलहाल के तगड़े वर्ड ऑफ माउथ पर गौर किया जाए तो फिल्म 250 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है।


Click it and Unblock the Notifications