रोहित शेट्टी का अगला धमाका - रणवीर सिंह की सर्कस की रिलीज़ डेट का एलान, होगा बॉक्स ऑफिस पर महाक्लैश
सूर्यवंशी की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद रोहित शेट्टी का अगला धमाका तैयार है। बात हो रही है रणवीर सिंह के साथ रोहित शेट्टी की मल्टीस्टारर फिल्म सर्कस की। फिल्म की रिलीज़ डेट का एलान हो चुका है और सर्कस, 15 जुलाई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है। दिलचस्प ये है कि पहले ये फिल्म इस साल के आखिरी दिन यानि कि 31 दिसंबर 2021 को रिलीज़ होने वाली थी।
लेकिन कोरोना ने इस साल की सारी फिल्मों की रिलीज़ के समीकरण बदल दिए। अब 31 दिसंबर 2021 को शाहिद कपूर स्टारर जर्सी रिलीज़ हो रही है और सर्कस पोस्टपोन होकर 15 जुलाई 2022 को रिलीज़ होगी। इतना ही नहीं, सर्कस को बॉक्स ऑफिस पर क्लैश करना होगा कैटरीना कैफ, सिद्धांत चतुर्वेदी और इशान खट्टर स्टारर फोन भूत के साथ।

रणवीर सिंह के लिए सर्कस 2022 की दूसरी बड़ी फिल्म होगी। इससे पहले, उनकी फिल्म जयेशभाई जोरदार मार्च में रिलीज़ हो चुकी होगी। वहीं इस साल के अंत में रणवीर सिंह 83 के साथ क्रिसमस पर धमाका करने वाले हैं। कबीर खान की इस फिल्म का टीज़र रिलीज़ हो चुका है और लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।

सर्कस की धमाकेदार स्टारकास्ट
फिल्म में रणवीर सिंह को लेकर 24 बड़े सितारे हैं जो मिलकर एक कन्फ्यूजन से भरी कॉमेडी फिल्म दर्शकों को पहुंचाएंगे और उन्हें हंसने पर मजबूर करेंगे।फिल्म में रणवीर सिंह, वरूण शर्मा, जैकलीन फर्नांडीज़ और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा फिल्म में दीपिका पादुकोण कैमियो करती नज़र आएंगी। मुख्य भूमिका के अलावा फिल्म को सपोर्ट करेंगे 19 सितारे। इन सितारों में सिद्धार्थ जाधव, जॉनी लीवर, अश्विनी कलसेकर, मुरली शर्मा, बृजेंद्र काला, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी, वृजेश हिरजी और टीकू तलसानिया सरीखे स्टार्स शामिल हैं। ये सभी सितारे, रोहित की पिछली किसी ना किसी फिल्म का हिस्सा रह चुके हैं। जहां अश्विनी कलसेकर और मुरली शर्मा रोहित की गोलमाल सीरीज़ का हिस्सा थे वहीं संजय मिश्रा दिलवाले में दिखाई दिए थे।

कॉमेडी ऑफ एरर्स और अंगूर से प्रेरित
सर्कस, शेक्सपियर के मशहूर नाटक कॉमेडी ऑफ एरर्स पर आधारित फिल्म है। बॉलीवुड में इस नाटक को आधार बनकर पहले भी गुलज़ार अंगूर बना चुके हैं। इसलिए सर्कस को अंगूर का रीमेक कहा जा रहा है। अंगूर में संजीव कुमार, देवेन वर्मा, मौशमी चटर्जी, दीप्ति नवल और इला अरूण मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दिए थे। फिल्म को डायरेक्ट किया था गुलज़ार ने। रोहित शेट्टी इस फिल्म को अपने कलेवर में पेश करने जा रहे हैं।

शाहरूख खान की जगह रणवीर सिंह
फिल्म दो जुड़वा मालिक और दो जुड़वा नौकरों की कहानी थी जो बचपन में ही बिछड़ जाते हैं। और जब बड़े होकर एक दूसरे से टकराते हैं तो कितनी मज़ेदार सिचुएशन पैदा होती है। फिल्म में रणवीर सिंह, संजीव कुमार और वरूण शर्मा, देवेन वर्मा की भूमिका में दिखाई देंगे। रोहित शेट्टी की कंपनी अष्टविनायक फिल्म्स के पास इस फिल्म के रीमेक राइट्स काफी समय से हैं। रोहित पहले इस फिल्म को शाहरूख खान के साथ बनाना चाहते थे। लेकिन फिर काफी समय तक ये फिल्म अटकी रही और आखिरकार रोहित शेट्टी ने अपनी पसंद बदलकर शाहरूख खान से रणवीर सिंह कर दी।

सर्कस के बाद सिंघम 3
रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के लिए ये फिल्म तीन तरीकों से हैट्रिक बनाने वाली हैं। रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह की ये साथ में तीसरी सुपरहिट फिल्म होगी। इससे पहले रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी के साथ सिंबा और सूर्यवंशी में काम कर चुके हैं। खबरें हैं कि इसके बाद रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी की अजय देवगन स्टारर सिंघम 3 में भी कैमियो करते हुए नज़र आएंगे। वहीं दर्शक इस जोड़ी की सिंबा 2 को भी देखने के लिए बेताब हैं।

बॉक्स ऑफिस की सबसे सफल फिल्म
दिलचस्प है कि रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह स्टारर सिंबा, रणवीर सिंह के करियर की सबसे सफल सोलो फिल्म है। इस फिल्म ने जहां रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस स्टार्स की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया वहीं, रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी ओपनर और वर्ल्डवाईड सोलो हिट फिल्म बनकर उभरी।

रोहित शेट्टी पर टिकी नज़रें
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल डायरेक्टर हैं। अपनी डेब्यू फिल्म ज़मीन को छोड़कर रोहित ने आज तक बॉक्स ऑफिस पर कमी नहीं देखी है। उनकी हर फिल्म, हर कोशिश को दर्शकों ने बेहद प्यार और अपनापन दिया। सूर्यवंशी के साथ रोहित शेट्टी बॉक्स ऑफिस पर अपने करियर में अब तक 1500 करोड़ की कमाई कर चुके हैं। तो बस अब सर्कस की रिलीज़ का इंतज़ार करना है।


Click it and Unblock the Notifications