जिस्म 2 से पहले कॉकटेल में नजर आयेंगे रणदीप हुड्डा
मुंबई। सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण अभिनीत आगामी फिल्म कॉकटेल में अभिनेता रणदीप हुड्डा कैमियो की भूमिका में नजर आएंगे । होमी अदजानिया ने डिम्पल कपाडि़या और बोमन ईरानी के अतिरिक्त रोमांटिक कॉमेडी कलाकारों सैफ, दीपिका और पहली बार फिल्म में काम कर रहीं डियाना पेंटी को निर्देशित किया है।

फिल्म निर्माता दिनेश विजान ने जानकारी देते हुए कहा कि , वह कैमियो कर रहे हैं। वह फिल्म में विशेष भूमिका में दिखेंगे। यह ऐसा चरित्र था जिसके बारे में हम बात कर रहे थे और इसके लिए किसी को तलाश रहे थे। रणदीप का नाम आया और होमी ने उनसे बात की। उन्हें (रणदीप) यह पसंद आया और वह तैयार हो गए।
वन्स अपॉन ए टाइम इन मुम्बई, साहिब बीवी और गैंगस्टर तथा जन्नत 2 में दमदार भूमिका अदा करने वाले रणदीप के पास जिस्म 2 और हीरोइन जैसी कुछ बड़ी फिल्में हैं। विजान ने कहा, रणदीप अद्भुत कलाकार हैं। वह सच में ही अच्छे अभिनेता हैं और हम जल्द ही उनके साथ काम करना चाहते हैं। लव आजकल और आरक्षण से दर्शकों पर अपनी केमिस्ट्री की छाप छोड़ने वाली यह जोड़ी तीसरी बार कॉकटेल में एक साथ दिखाई देगी।
विजान ने कहा, सैफ ने कहानी सुनी और उन्हें यह पसंद आई। तब हमने कहानी दीपिका को दी और दोनों भूमिकाओं की पेशकश की, उन्होंने वेरोनिका की भूमिका चुनी। तब हमने सोचा कि मीरा के रोल के लिए इस कॉकटेल में सही ट्विस्ट किसी नए चेहरे को लेना होगा।
उन्होंने कहा, इस तरह हमें पहली लड़की डियाना पेंटी मिली। मैं एक शूट के लिए जा रहा था और वह अंदर आ रही थी, इस तरह हमारी मुलाकात हुई। मैंने और होमी ने उसका स्क्रीन टेस्ट लिया और हमें उसमें कहीं न कहीं मीरा नजर आई। वह एक मॉडल और रैम्प के लिए पूरी तरह उपयुक्त है, लेकिन हम उसे सादगी युक्त देखना चाहते थे । अपने निजी जीवन में वह बहुत ही साधारण, शर्मीली और अंतर्मुखी लड़की है।


Click it and Unblock the Notifications