ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म शर्माजी नमकीन के लिए रणबीर कपूर ने मेकअप से की ऋषि जी बनने की कोशिश
ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म शर्मा जी नमकीन, 1 अप्रैल को रिलीज़ हो रही है। इससे पहले आज फिल्म का ट्रेलर बाहर आ चुका है जिसमें ऋषि कपूर को एक बार फिर स्क्रीन पर देखकर हर कोई भावुक हो गया। ट्रेलर से पहले, रणबीर कपूर ने भी एक बेहद भावुक से वीडियो में बताया कि ये फिल्म उनके लिए क्यों खास है।
गौरतलब है कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही ऋषि कपूर का निधन हो गया और फिल्म पूरी नहीं हो पाई। लेकिन फिल्म के प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने तय किया कि ऋषि कपूर की ये आखिरी फिल्म ज़रूर रिलीज़ की जाएगी।

ऐसे में फिल्म में ऋषि कपूर के जो भी हिस्से बचे थे, उसे रणबीर कपूर ने पूरा करने की कोशिश की। रणबीर कपूर ने प्रोस्थेटिक मेकअप के सहारे, ऋषि कपूर का लुक लेने की भी कोशिश की लेकिन वो बहुत ज़्यादा सफल नहीं हो पाए। इसके बाद परेश रावल ने ऋषि कपूर के बचे हुए हिस्से पूरे किए। रणबीर कपूर ने इस वीडियो में ये भी बताया कि कैसे उनके पिता, अपनी खराब सेहत के बावजूद भी केवल इस फिल्म को पूरा करना चाहते थे।
रणबीर कपूर ने परेश रावल को ऋषि कपूर की ये आखिरी फिल्म पूरा होने में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। रणबीर कपूर के अलावा, ऋषि कपूर के परिवार ने भी शर्मा जी नमकीन को लेकर अपनी भावनाएं शेयर की हैं। नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी, करीना कपूर और करिश्मा कपूर ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म के बारे में बात की। सिनेमा में कई ऐसे एक्टर्स हैं जिनके निधन के बाद उनकी आखिरी फिल्म रिलीज़ हुई। ये फिल्में आज भी दर्शकों को भावुक कर देती हैं।

सुशांत सिंह राजपूत - दिल बेचारा
सुशांत सिंह राजपूत का 14 जून 2020 को आत्महत्या से निधन हो गया। उनकी मौत से हर कोई स्तब्ध रह गया। सुशांत के निधन के लगभग एक महीने बाद उनकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा रिलीज़ की गई। ये फिल्म डिज़्नी हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई और इस फिल्म ने ताबड़तोड़ रिकॉर्ड्स बनाए थे। फैन्स आखिरी बार सुशांत सिंह राजपूत को स्क्रीन पर देखकर बेहद भावुक हो गए थे।

ज़ीरो - श्रीदेवी
जितना स्तब्ध फैन्स सुशांत सिंह राजपूत के अपनी ज़िंदगी खत्म करने से थे उतना ही बड़ा सदमा दे गई थी श्रीदेवी की मौत। श्रीदेवी एक फैमिली फंक्शन का हिस्सा बनने दुबई गई थीं जहां अचानक बाथटब में डूबने से उनकी मौत हो गई। श्रीदेवी के निधन के बाद उनकी आखिरी फिल्म ज़ीरो से श्रीदेवी का अलग पोस्टर रिलीज़ किया गया। ज़ीरो में श्रीदेवी एक कैमियो में नज़र आई थीं।

ओम पुरी
मौत के बाद ओम पुरी द गाज़ी अटैक, ट्यूबलाइट और डेथ इन द गंज में भी दिखाई दिए। ओम पुरी का निधन भी उनके घर में दिल का दौरा पड़ने से हुआ था। ओम पुरी अपने घर में अकेले थे। उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सर पर चोट के निशान आए थे जिससे उनकी मौत पर संदेह किया गया था। लेकिन चूंकि पुलिस को ओम पुरी के घर में कुछ संदेहास्पद नहीं मिला, इसलिए उनकी मौत को एक दुर्घटना बताया गया।

फारूख शेख
फारूख शेख की आखिरी फिल्म थी ये जवानी है दीवानी। इसके बाद उन्होंने दुनिया से विदा ले ली। उनकी मृत्यु के बाद उनकी फिल्म यंगिस्तान रिलीज़ हुई थी। हालांकि, फारूख़ शेख़ का आखिरी यादगार किरदार था फिल्म ये जवानी है दीवानी में रणबीर कपूर के पिता के रोल में।

मीना कुमारी - गोमती के किनारे
मीना कुमारी को बॉलीवुड की ट्रैजेडी क्वीन कहा जाता है। पाकीज़ा के सेट पर उनकी मौत हुई थी। पाकीज़ा में मीना कुमारी के बचे हुए सीन एक बॉडी डबल ने शूट किए थे और इन सीन में मीना कुमारी का चेहरा नहीं दिखाया गया था। 1972 में उनकी फिल्म गोमती के किनारे रिलीज़ हुई जो बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई।

गरम हवा - बलराज साहनी
बलराज साहनी जी को दो बीघा जमीन ने बुलंदियों पर पंहुचा दिया था। उन्होंने भारतीय सिनेमा को कई बेहतरीन फिल्मे दी हैं। अप्रैल 1973 में उनकी मृत्यु हो गई। उनके इस दुनिया से चले जाने के बाद उनकी प्यार का रिश्ता, हिंदुस्तान की कसम, हस्ते जख्म और गरम हवा जैसी फ़िल्में रिलीज़ हुई।

संजीव कुमार की 10 फिल्में
संजीव कुमार अपने रोल बड़ी संजीदगी के साथ निभाते थे। उन्होंने अपने नाम कई अवार्ड्स भी किए हैं। 1985 में वे इस दुनिया से चल बसे। उनकी मौत के बाद उनकी 10 फिल्मे पेंडिंग थी। जिनमें से प्रोफेसर की पड़ोसन सबसे लास्ट में रिलीज़ हुई थी।

स्मिता पाटिल की 14 फिल्में
स्मिता पाटिल पैरेलल सिनेमा की क्वीन थी। दिसम्बर 1986 में कुछ कारणों से उनकी मौत हो गई और पीछे मुख्य किरदारों वाली 14 फिल्मे छोड़ गई। उनकी लास्ट रिलीज़ गलियों का बादशाह थी।

अमजद खान - रूदाली
इस बात में कोई दो राय नहीं है कि गब्बर का किरदार अमजद खान से बेहतर कोई और नहीं निभा पाता। जुलाई 1992 में हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन के बाद उनकी रुदाली, दो फन्टूश, आतंक, सौतेला भाई जैसी फ़िल्में रिलीज़ हुई।

19 साल की उम्र में दिव्या भारती का निधन
दिव्या भारती ने महज़ 19 की उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बना ली थी। लेकिन दुर्भाग्यवश इतनी कम उम्र में ही उनका देहान्त हो गया। उनके इस आकस्मिक निधन की वजह से कई फिल्मकारों की फिल्में बीच में ही अटक गई। उनकी मौत के बाद उनकी दो फिल्मे रंग और शतरंज सिनेमाघरों में आयी।

अमरीश पुरी की दो फिल्में
बॉलीवुड के मोगेम्बो अमरीश पुरी की जनवरी 2005 में ब्रेन हैमरेज के कारण मृत्यु हो गई थी। उनके देहान्त के कुछ दिनों बाद ही विवेक ओबेराय के मुख्य अभिनय वाली उनकी फिल्म किसना रिलीज़ हुई थी। इसके अलावा 2006 में उनकी एक और फिल्म कच्ची सड़क भी सिनेमाघरों में लगी थी।

दादा जी के साथ रणबीर कपूर
बॉलीवुड के सबसे ज़्यादा एनरजेटिक अभिनेताओं में से एक शम्मी कपूर भी थे। उन्हें परदे पर देखना हर किसी को एक अलग ही ऊर्जा से भर देता था। शम्मी कपूर आखिरी बार रणबीर कपूर की रॉकस्टार में एक छोटे से किरदार में नज़र आए थे। फिल्म उनकी मौत के बाद रिलीज़ हुई थी।

बेहद संजीदा जॉय मुखर्जी
जॉय मुखर्जी 1960-70 के दौरान के अभिनेता थे। लेकिन उनकी अंतिम फिल्म लव इन बॉम्बे अपनी मेकिंग के लगभग 42 साल बाद 2013 में उनके बेटों द्वारा रिलीज़ की गई। जॉय मुखर्जी का देहांत मार्च 2012 में हुआ था।

राजेश खन्ना की आखिरी फिल्म
राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार माने जाते हैं। उनकी मृत्यु के बाद उनकी फिल्म रियासत रिलीज़ की गई थी।


Click it and Unblock the Notifications












