रणबीर कपूर की एनिमल शूटिंग - 6 महीने में फटाफट पूरी फिल्म शूट करेंगे रणबीर, 2023 में धमाका
रणबीर कपूर, इस समय अपने करियर में सबसे ज़्यादा व्यस्त हैं। जहां उनकी पुरानी फिल्में पूरी होने का नाम ही नहीं ले पा रही हैं वहीं उन्होंने कई नए प्रोजेक्ट्स साईन किए हैं जिनपर जल्दी ही काम शुरू होगा। लेकिन इस बार रणबीर कपूर केवल काम शुरू नहीं करेंगे बल्कि उसे फटाफट खत्म भी करेंगे। खबर है कि रणबीर कपूर ने संदीप वांगा रेड्डी को एनिमल की शूटिंग की डेट्स दे दी है।
संदीप वांगा रेड्डी के साथ रणबीर कपूर, अप्रैल 2022 से एनिमल की शूटिंग शुरू करेंगे और 6 महीने के एक ही लंबे शेड्यूल में फिल्म की शूटिंग खत्म भी कर देंगे। एनिमल, पहले दशहरा 2022 पर रिलीज़ के लिए एलान की गई थी। अब फिल्म पोस्टपोन हो चुकी है और 2023 में रिलीज़ होगी।

इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं टीसीरीज़ के मालिक भूषण कुमार। ये एक मल्टीस्टारर फैमिली ड्रामा है जिसमें रणबीर कपूर के साथ दिखाई देंगी परिणीति चोपड़ा, अनिल कपूर, बॉबी देओल। फैन्स इस फिल्म की स्टारकास्ट सुनने के बाद से ही इस फिल्म के लिए काफी उत्साहित थे। फिल्म एक गैंगस्टर आधारित फैमिली ड्रामा है।
फिल्म में सभी किरदार डार्क होंगे और रणबीर कपूर एक साईकोपैथ का किरदार निभाते दिखाई देंगे। खबरों की मानें तो परिणीति चोपड़ा फिल्म में रणबीर कपूर की पत्नी का किरदार निभाती दिखाई देंगी।

फैन्स को दिया था नए साल का तोहफा
रणबीर कपूर ने संदीप वांगा रेड्डी के साथ मिलकर फैन्स को नए साल का तोहफा दिया था। रणबीर कपूर आखिरी बार फैन्स को संजू में दिखाई दिए थे। एनिमल का अनाउंसमेंट फिल्म के लोगो के साथ हुआ था। इस फैमिली ड्रामा के बारे में अभी भी फैन्स के पास ज़्यादा जानकारी नहीं है। दिलचस्प केवल ये है कि संदीप वांगा रेड्डी और रणबीर कपूर दोनों की ही आखिरी फिल्में कबीर सिंह और संजू, बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही हैं।

जल्दी ही निपटेगा शमशेरा काम
रणबीर कपूर बहुत ही जल्दी शमशेरा का काम भी पूरा करने वाले हैं। यशराज फिल्म्स के इस प्रोजेक्ट को अग्निपथ फेम करण मल्होत्रा डायरेक्ट कर रहे है और फिल्म में रणबीर कपूर एक डकैत की भूमिका निभा रहे हैं जो एक ब्रिटिश हुकूमत के अफसर संजय दत्त से अपने कबीले के हक की लड़ाई लड़ेंगे। ये फिल्म रणबीर कपूर का पहला पीरियड ड्रामा होगी।

नहीं दिखाई दादा बायोपिक में दिलचस्पी
लव रंजन की फिल्म की शूटिंग के दौरान, लव रंजन ने रणबीर कपूर को दादा बायोपिक ऑफर की थी। लेकिन रणबीर कपूर को एक क्रिकेट बायोपिक करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि उन्हें स्पोर्ट्स के तौर पर केवल फुटबॉल में दिलचस्पी है। वो एक क्रिकेट स्टार में खुद को तब्दील करने के लिए मेहनत नहीं करेंगे।

रिजेक्ट की भंसाली की फिल्म
रणबीर कपूर को संजय लीला भंसाली की फिल्म बैजू बावरा रीमेक ऑफर की गई थी। लेकिन रणबीर ने इस प्रोजेक्ट में भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। खबरों की मानें तो अब रणबीर कपूर की जगह ये प्रोजेक्ट रणवीर सिंह कर रहे हैं। इसके अलावा अफवाहें थीं कि रणबीर कपूर और रणवीर सिंह को लेकर एक प्रोडक्शन हाउस खलनायक रीमेक बनाना चाहता है। लेकिन रणबीर ने उसमें भी दिलचस्पी नहीं दिखाई।

राम बनने पर करेंगे फोकस
अब अपनी सारी फिल्मों की शूटिंग निपटाकर अगले साल के अंत से रणबीर कपूर का फोकस केवल भगवान राम बनने पर होगा। नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर, ऋतिक रोशन के रावण को टक्कर देेते दिखाई देंगे। ये फिल्म 2023 में रिलीज़ होगी। दिलचस्प ये होगा कि इस फिल्म से पहले ही 2022 में प्रभास, आदिपुरूष में भगवान राम का किरदार निभा चुके होंगे और सैफ अली खान रावण का।


Click it and Unblock the Notifications











