शूटिंग के लिए निकली लव रंजन के फिल्म की स्टारकास्ट- रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर, बोनी कपूर, डिंपल कपाड़िया, PICS
लव रंजन की फिल्म के सभी स्टारकास्ट मंगलवार (13 जुलाई) को दिल्ली पहुंच चुके हैं, जहां फिल्म के अगले शेड्यूल की शूटिंग होने वाली है। फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। यहां रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर, बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया साथ दिखे। यह रोमांटिक- कॉमेडी फिल्म 18 मार्च 2022 को रिलीज होने वाली है।
इस फिल्म की शूटिंग इस साल जनवरी में ही शुरु हो चुकी थी। लेकिन दो शेड्यूल पूरे करने के बाद, कोविड की वजह से टलती चली गई। फिल्म से जुड़े सूत्र की मानें तो फिलहाल पूरी स्टारकास्ट दिल्ली में 15 दिनों तक शूटिंग करेगी।

फिलहाल फिल्म का टाइटल फाइनल नहीं किया गया है। कोई शक नहीं कि फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। आखिर पहली बार रणबीर और श्रद्धा की जोड़ी साथ दिखने वाली है। वहीं, फिल्म में बोनी कपूर बने हैं रणबीर के पिता और रणबीर की मां का किरदार निभा रही हैं डिंपल कपाड़िया।
फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है और गुलशन कुमार व भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया है।

रणबीर और श्रद्धा
लव रंजन जिन्हें प्यार का पंचनामा सीरीज़ और सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है, वह पहली बार रणबीर और श्रद्धा के साथ काम कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म के लिए दीपिका को भी अप्रोच किया गया था, लेकिन डेट्स नहीं हो पाने की वजह से उन्होंने इंकार कर दिया।

निर्माता अंकुर गर्ग हैं उत्साहित
फिल्म के बारे में बात करते हुए, अंकुर कहते हैं, "हम रणबीर और श्रद्धा की नई व ताजा जोड़ी के साथ लव रंजन की फिल्म पेश करने के लिए उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि जब दर्शक यह फ़िल्म देखेंगे तो उन्हें भी ऐसा ही महसूस होगा।"

श्रद्धा ने की रणबीर की तारीफ
रणबीर कपूर के साथ काम करने के अनुभव पर श्रद्धा ने कहा- "मैं रणबीर के साथ काम करने को लेकर काफी उत्सुक थी। मैंने सिर्फ सुना था कि वो कितना शानदार अभिनेता है और मैं अब कह सकती हूं कि मैंने रणबीर की जितनी भी तारीफ सुनी थी, वह सभी सच हैं। दिल्ली में कुछ सीन्स शूट करने के बाद मैं कह सकती हूं यह काफी अलग अनुभव था।"

लव रंजन की फिल्में हैं पसंद
वहीं, श्रद्धा पहले भी कह चुकी हैं कि वो लव रंजन के फिल्मों को बहुत पसंद करती हैं। एक्ट्रेस ने कहा, "लव सर के साथ काम करने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। मेरी नजर में वो एक शानदार निर्देशन हैं और जिस तरह से की फिल्में वो बनाते हैं और दर्शकों से कनेक्ट करते हैं, मुझे वो पसंद है।"

बोनी कपूर - डिंपल कपाड़िया
इस फिल्म में रणबीर कपूर के माता - पिता के किरदार की भूमिका में दिखाई देंगे बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया। बोनी कपूर ने पिछले साल नेटफ्लिक्स की फिल्म एके vs एके में भाई अनिल कपूर के लिए एक कैमियो किया था।

अजय देवगन ने छोड़ा साथ
खास बात है कि दो साल पहले जब इस फिल्म की घोषणा हुई थी तो इस रोमांटिक- कॉमेडी में अजय देवगन और रणबीर कपूर की जोड़ी थी। लेकिन समय के साथ, अजय देवगन ने इस प्रोजेक्ट से पल्ला झाड़ लिया।


Click it and Unblock the Notifications











