शादी पोस्टपोन होने की खबरों के बीच रणबीर कपूर ने शुरू किया लव रंजन की फिल्म का अगला शेड्यूल, देखिए तस्वीरें
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, 13 - 17 अप्रैल के बीच शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस बीच उनकी शादी के पोस्टपोन होने की भी खबरें मीडिया में हैं। और शादी के पोस्टपोन होन की अफवाहों के बीच रणबीर कपूर, लव रंजन की फिल्म के सेट पर लौट चुके हैं और रिपोर्ट्स की मानें तो रणबीर कपूर, फिल्म का अगला शेड्यूल भी शुरू कर चुके हैं।
रणबीर कपूर सेट पर अलग लुक में नज़र आए। इस मौके पर वो क्रू के साथ तस्वीरें खिंचवाते भी दिखे। ये तस्वीरें तेज़ी से इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं।

लव रंजन की ये अनाम फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है जो 2023 के रिपब्लिक डे वीकेंड पर रिलीज़ हो रही है। इस फिल्म में बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया, रणबीर कपूर के माता पिता के किरदार में दिखने वाले हैं वहीं रणबीर के अपोज़िट फिल्म में श्रद्धा कपूर होंगी। रणबीर और श्रद्धा की जोड़ी को पहली बार देखने के लिए फैन्स काफी उत्साहित हैं।

पूरी तरह पैक हैं रणबीर कपूर
अगर 2022 की बात करें तो रणबीर कपूर की फिल्म शमशेरा, मार्च में रिलीज़ हो रही है और इसके बाद सितंबर में आलिया भट्ट के साथ ब्रह्मास्र। इस दौरान, रणबीर कपूर अपनी बाकी दो फिल्म लव रंजन की श्रद्धा कपूर के साथ अनाम फिल्म और संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल की शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। ये दोनों फिल्में, 2023 के 26 जनवरी और 15 अगस्त वीकेंड पर रिलीज़ हो रही हैं।

रणबीर कपूर की डिमांड
वहीं रणबीर कपूर को नितेश तिवारी की रामायण में भगवान राम का किरदार ऑफर किया गया है। ये फिल्म 3d में भारी भरकम बजट पर बनने जा रही है और रणबीर कपूर इस फिल्म में काफी दिलचस्पी भी दिखा रहे हैं। इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर को 75 करोड़ रूपये ऑफर किए जा रहे हैं। फिल्म में रावण के किरदार में ऋतिक रोशन के नाम पर चर्चा की जा रही है।

रणबीर कपूर की तैयारी
वहीं रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखने के लिए दर्शक काफी ज़्यादा उत्साहित हैं। फिल्म के फोटोशॉप पोस्टर भी बनाए जाने लगे हैं। इस फिल्म के लिए नितेश तिवारी को रणबीर कपूर की एकमुश्त तारीखें चाहिए और जितने परफेक्शनिस्ट रणबीर कपूर हैं, उन्हें इस बात से ज़रा भी गुरेज़ नहीं होगा।

आमिर के साथ कास्टिंग?
रिपोर्ट्स की मानें तो आमिर खान और रणबीर कपूर साथ में एक फिल्म कर रहे हैं।इस फिल्म की डीटेल्स फिलहाल बिल्कुल सीक्रेट रखी जा रही हैं। फिल्म को आमिर खान खुद प्रोड्यूस करेंगे। आमिर खान और रणबीर कपूर, दोनों को ही ये स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई है। फिल्म 2022 के मध्य से फ्लोर पर चली जाएगी। इससे पहले भी आमिर खान, गुलशन कुमार बायोपिक मुग़ल में रणबीर कपूर को कास्ट करने की कोशिश कर चुके हैं।

बैजू बावरा से जुड़ा नाम
इस बीच रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का नाम संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म बैजू बावरा से भी जुड़ा। लेकिन ये सारी रिपोर्ट्स केवल अफवाहें ही रह गईं। इसके अलावा, रणबीर कपूर का नाम सौरव गांगुली बायोपिक, गुलशन कुमार बायोपिक और अमर सिंह चमकीला बायोपिक से भी जुड़ा। लेकिन फिलहाल तो रणबीर के केवल पांच ही प्रोजेक्ट्स की जानकारी है। लव रंजन की फिल्म, एनिमल, नितेश तिवारी की रामायण, यशराज फिल्म्स की शमशेरा और ब्रह्मास्त्र।

रिलीज़ हो चुका है लव पोस्टर
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की ब्रह्मास्त्र का पहला पार्ट शिवा, 9 सितंबर 2022 को रिलीज़ हो रहा है। हाल ही में अयान मुखर्जी ने फिल्म का लव पोस्टर रिलीज़ करते हुए लिखा कि चूंकि फ़िज़ाओं में इस समय प्यार घुला हुआ है, इसलिए इस पोस्टर को रिलीज़ करने का इससे अच्छा मौका नहीं हो सकता था।


Click it and Unblock the Notifications











