"पापा का पहला रिएक्शन था - शर्माजी नमकीन कैसे पूरी होगी": रणबीर कपूर ने किया ऋषि कपूर के आखिरी दिनों को याद
रणबीर कपूर आजकल अपने पापा की आखिरी फिल्म शर्माजी नमकीन प्रमोट कर रहे हैं और इस दौरान, वो ऋषि कपूर से जुड़ी यादें और किस्से भी खुलकर शेयर कर रहे हैं। ऋषि कपूर को जब कैंसर का पता चला तो वो शर्माजी नमकीन की शूटिंग शुरू कर चुके थे। वो दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे और रणबीर दिल्ली पहुंचे।
दिल्ली पहुंचकर, रणबीर कपूर ने ऋषि कपूर को बताया कि उनकी हालत क्या है और उन्हें तुरंत न्यूयॉर्क निकलना है। लेकिन ऋषि कपूर का पहला रिएक्शन था - शर्माजी नमकीन कैसे पूरी होगी?

रणबीर कपूर ने ऋषि कपूर को समझाया कि उनकी फिल्म के प्रोड्यूसर और टीम से बात हो चुकी है और इस वक्त उनका ईलाज ज़्यादा ज़रूरी है। रणबीर बताते हैं कि अपने ईलाज के दौरान भी ऋषि कपूर को केवल अपनी अधूरी फिल्म की चिंता थी और वो शर्माजी नमकीन के बारे में ही पूछते रहते थे।

काम ना मिलने की चिंता
रणबीर कपूर ने इस इंटरव्यू में बताया कि जब ऋषि कपूर का ईलाज चल रहा था तो उस वक्त उन्हें ये चिंता नहीं थी कि वो ठीक हो पाएंगे या नहीं। या फिर कब ठीक होंगे। उनकी पूरी चिंता केवल यही थी कि अब उन पर कैंसर के मरीज़ का ठप्पा लग गया है तो क्या उन्हें बॉलीवुड में कोई काम देगा?

शर्मा जी नमकीन से थी उम्मीदें
रणबीर ने इस इंटरव्यू में ये भी बताया कि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की फिल्म ने ऋषि कपूर की हिम्मत बांधी रखी थी। कैंसर से ठीक होने के बाद वो इस फिल्म पर काम करने को लेकर काफी उत्साहित थे। लेकिन जैसे ही फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू हुई वैसे ही कोरोना के चलते एक बार फिर सब कुछ ठप होने लगा।

फिल्म को लेकर थे उत्साहित थे
ऋषि कपूर ने भी एक इंटरव्यू दिया जहां वो अपनी सेहत को लेकर काफी खुश नज़र आए। ऋषि कपूर ने कहा कि अब मैं कैंसर फ्री हूं। और कैमरे के सामने वापस आने के लिए तैयार हूं। मेरी बैटरी पूरी तरह से चार्ज हो चुकी है। बस मुझे ये याद रहे कि एक्टिंग कैसे करते थे। फिल्म के डायरेक्टर हितेश ने बताया कि ऋषि कपूर को फिल्म का दूसरा हाफ कमज़ोर लग रहा था और उन्होंने इस पर वापस काम करने की सलाह दी थी।

रणबीर करना चाहते थे फिल्म
जब फिल्म के बीच में ही ऋषि कपूर का निधन हो गया तो खबरें थीं कि अब ये फिल्म डिब्बाबंद हो जाएगी लेकिन फरहान अख्तर ने ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म पूरी करके रिलीज़ करने का वादा किया। पहले ऋषि कपूर के बचे हिस्से पूरे करने के लिए रणबीर आगे आए। उन पर प्रोस्थेटिक का भी इस्तेमाल किया गया लेकिन रणबीर इस रोल में फिट नहीं बैठे। इसके बाद परेश रावल ने इस फिल्म को पूरा करने के लिए हामी भरी। रणबीर ने एक वीडियो में उन्हें धन्यवाद भी कहा।

एक्टिंग ना भूल जाऊं
ऋषि कपूर ल्यूकीमिया से पीड़ित थे। जब वो अस्पताल में थे तो उन्हें खून की बोतलें चढ़ाई जाती थीं। एक बार उन्होंने नीतू कपूर से डरते हुए पूछा कि ये नया खून कहीं उनके खून में जो एक्टिंग बसी है, उसे खत्म तो नहीं कर देगा। ऋषि कपूर को डर था कि वो एक्टिंग करना ही ना भूल जाएं।

जल्द से जल्द ठीक होना चाहते थे
नीतू कपूर के बारे में बात करते हुए ऋषि कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उसके बिना मैं कुछ भी नहीं कर पाता। उसके कारण ही मैं इतनी जल्दी ठीक हो पाया हूं। वो हर समय मेरे साथ किसी चट्टान की तरह खड़ी रही। नीतू कपूर ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे वो वापस एक बच्चे की तरह ऋषि कपूर को संभाल रही थीं। ऋषि कपूर जल्द से जल्द ठीक होकर अपनी फिल्म के सेट पर लौटना चाहते थे।

यादगार रही पारी
गौरतलब है कि ऋषि कपूर की आखिरी पारी बेहद यादगार थी। इसकी शुरूआत हुई थी इम्तियाज़ अली की फिल्म लव आज कल के साथ जहां वो छोटे सही लेकिन बेहद सशक्त भूमिका में थे। इसके बाद मुल्क, 102 नॉट आउट और कपूर एंड सन्स जैसी फिल्मों के साथ ऋषि कपूर ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। शर्माजी नमकीन उनके इस चैप्टर की आखिरी कड़ी है।


Click it and Unblock the Notifications