ब्रह्मास्त्र पर बोले रणबीर कपूर- 'सुपरहीरो फिल्म नहीं है, इसकी तुलना दुनियाभर की किसी फिल्म से नहीं कर सकते'
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का ट्रेलर 15 जून को रिलीज होने वाला है। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस बिग बजट फिल्म को लेकर लोगों के बीच बहुत चर्चा है। ना सिर्फ इसकी शानदार स्टारकास्ट को लेकर फैंस के बीच क्रेज है, बल्कि इसके कंटेंट को लेकर भी काफी उत्साह है। फिल्म का एक छोटा सा टीजर रिलीज किया जा चुका है, जिसमें सभी किरदारों में एक झलक दिखाई गई।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रणबीर कपूर ने भी फिल्म पर बातें की और बताया कि 'ब्रह्मास्त्र' कोई सुपरहीरो फिल्म नहीं है। रणवीर ने कहा कि अपने जॉनर में यह बहुत ही ओरिजिनल है।

ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म पर बात करते हुए रणबीर कपूर ने कहा, "यह भारतीय संस्कृति में गहराइयों से ली गई है। हमारे पास अपना खुद का मार्वल बनाने का अवसर था। जिसे अयान अपने अस्त्रावर्स के साथ पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। आपकी संस्कृति में बनी कोई भी फिल्म, कोई भी अच्छी अच्छी कहानी, प्रामाणिक तरीके से, सच्चे रूप में होगी तो बड़े पैमाने पर दर्शकों से जुड़ेगी।"

ब्रह्मास्त्र एक बहुत बड़े प्लेटफॉर्म पर आ रही है
अभिनेता ने आगे कहा, "इस फिल्म के लिए थोड़ी किस्मत भी चाहिए। जैसे आपको किस तरह की रिलीज मिलती है, आपको किस तरह का एक्सपोजर मिलता है। हमारे पास डिज्नी है और इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। इसलिए, मेरा मानना है कि ब्रह्मास्त्र एक बहुत बड़े प्लेटफॉर्म पर आ रही है और इसके जरिए दुनियाभर के दर्शक इसे देख सकते हैं।"

मार्वल फिल्म की तरह नहीं है
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च से पहले रणबीर ने कहा, "यह एक मार्वल फिल्म की तरह नहीं है। इसकी शैली में यह बहुत ही ओरिजनल है। हम 'ब्रह्मास्त्र' की तुलना दुनिया भर में बनने वाली किसी भी फिल्म से नहीं कर सकते हैं। मैं बहुत फिल्में देखता हूं और मुझे नहीं लगता कि इस फिल्म का कोई संदर्भ है।"

शानदार स्टारकास्ट
इस फिल्म में रणबीर 'शिव' और आलिया 'ईशा' के रोल में दिखाई देंगी। इनके अलावा फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय भी लीड रोल में हैं। साथ ही शाहरुख खान कैमियो में दिखाई देंगे।फिल्म कोहिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।

बिना जोखिम लिए आप आगे नहीं बढ़ सकते
अयान मुखर्जी पर बात करते हुए रणबीर ने कहा, "फिल्में बनाना आसान नहीं है। अयान 'ये जवानी है दिवानी' के बाद रोमांटिक फिल्में बनाकर बहुत पैसा कमा सकता था, मैं अपने करियर में एक और सुपरहिट फिल्म बना सकता था। लेकिन उसने जोखिम लिया और जब तक आप जोखिम नहीं लेते आप दूसरे स्तर पर नहीं जा सकते। हमारे सपने इतने बड़े हैं जिसे मैं व्यक्त नहीं कर सकता। हम नहीं जानते कि हम कहां पहुंच सकते हैं, एक निर्देशक के रूप में और मैं एक अभिनेता के रूप में।"


Click it and Unblock the Notifications