रणबीर कपूर - आलिया भट्ट सात सालों बाद पूरी करेंगे ब्रह्मास्त्र की शूटिंग, आखिरी शेड्यूल और रिलीज़ डीटेल्स
सात सालों पहले, रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी ने मिलकर ये जवानी है दीवानी की सफलता के बाद फैन्स को एक शानदार फिल्म का तोहफा दिया था। इस फिल्म का नाम था ड्रैगन। एक सुपरपावर, सुपरहीरो फिल्म जिस पर काम शुरू हुआ और फिर कभी बंद ही नहीं हुआ। सात साल बाद फिल्म का नाम ब्रह्मास्त्र हो चुका है और आखिरकार, रणबीर कपूर - आलिया भट्ट और अयान मुखर्जी फिल्म का आखिरी शेड्यूल शुरू करने जा रहे हैं।
ब्रह्मास्त्र अपने आखिरी शेड्यूल में एक शानदार गाने की शूट करने वाली है जिसके बाद नवंबर में आखिरकार ये फिल्म खत्म हो जाएगी। इसके बाद अयान मुखर्जी फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन में जुट जाएंगे। ब्रह्मास्त्र को मई - जून 2022 में रिलीज़ करने की तैयारी की जा रही है।

गौरतलब है कि करण जौहर ने बह्मास्त्र का एलान, अक्टूबर 2017 में किया था। इसके बाद फरवरी 2018 से फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। तब से हर साल फिल्म अपनी रिलीज़ डेट का एलान करती है लेकिन फिल्म है कि पूरी होने का नाम ही नहीं ले रही है। इससे भी अनूठी बात ये है कि ब्रह्मास्त्र को ट्राईलॉजी की तरह अनाउंस किया गया था। यानि कि ये फिल्म का केवल पहला भाग है।

300 करोड़ का बजट
ब्रह्मास्त्र, धर्मा प्रोडक्शन्स की अब तक की सबसे महंगी फिल्म है। फिल्म का बजट है 300 करोड़। फिल्म पांच भाषाओं में रिलीज़ होगी - हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम। जब फिल्म अनाउंस हुई थी तभी अयान मुखर्जी का प्लान था 10 साल के अंदर ये ट्राईलॉजी बनाने का। जब फिल्म ड्रैगन नाम से अनाउंस हुई तो इसकी हीरोइन पर काफी विचार किया गया। पहले दीपिका पादुकोण को फिल्म में फाईनल किया गया था लेकिन सबका मानना था कि 10 साल में दीपिका का लुक काफी बदल जाएगा। ऐसे में किसी छोटी हीरोइन को फाईनल किया जाए।

फाईनल हुईं आलिया, शुरू हुई प्रेम कहानी
इसके बाद ब्रह्मास्त्र में आलिया भट्ट फाईनल हो गईं और एक प्रेम कहानी की शुरूआत हुई। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी की शुरूआत ब्रह्मास्त्र के ही सेट से हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर शिवा और आलिया भट्ट ईशा के किरदार में दिखाई देंगे। उनके नाम सुनकर ही लोगों ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर कह डाला। काफी लोगों ने फिल्म का नाम और रणबीर आलिया के किरदारों का नाम सुनकर यह कयास लगा लिया था कि फिल्म अमिष त्रिपाठी की किताब मेलुहा के मृत्युंजय पर बनी हो सकती है।

शाहरूख खान का कैमियो
फिल्म में शाहरूख खान का एक शानदार कैमियो है। सूत्रों के अनुसार फिल्म में शाहरूख खान एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका में हैं जिनके पास सुपरपावर है। लेकिन उनकी सुपरपावर चोरी कर लेती हैं फिल्म की विलेन मौनी रॉय। इसके बाद रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, इस सुपरपावर को ढूंढने में लग जाएंगे और उन्हें गाईड करेंगे महागुरू अमिताभ बच्चन। फिल्म का स्टारकास्ट शानदार है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय के अलावा फिल्म में नागार्जुन,़डिंपल कपाड़िया और प्रतीक बब्बर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

रणबीर कपूर से प्रभावित अमिताभ बच्चन
मनाली में शूट के दौरान, अमिताभ बच्चन ने माईनस 3 डिग्री पर भी शूटिंग की थी और लिखा था कि कभी कभी ख्याल आता है कि शरीर अब इन सब के लिए तैयार नहीं है। लेकिन फिर सेट पर पहुंचता हूं और जान आ जाती है। फिल्म की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन रणबीर कपूर से बेहद प्रभावित थे। उन्होंने रणबीर के काम की तारीफ करते हुए एक पोस्ट भी शेयर किया था।

सुपरहीरो की कहानी ब्रह्मास्त्र
ब्रह्मास्त्र दरअसल, एक सुपरहीरो की कहानी है जो विश्व के सबसे ताकतवर हथियार को पाने की कोशिश करेगा। रणबीर कपूर होंगे ये सुपरहीरो जिनका नाम होगा शिवा और आलिया भट्ट उनकी प्रेमिका ईशा। अमिताभ बच्चन फिल्म में शिवा के गुरू के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं नागार्जुन फिल्म में एक पुरातत्तव विशेषज्ञ होंगे। नागार्जुन अपने बच्चों को गंगा किनारे बसे एक गांव का अध्ययन करने लेकर जाएंगे।

कुंभ के दौरान लॉन्च हुआ लोगो
ब्रहास्त्र का लोगो, कुंभ मेले के दौरान लॉन्च किया गया था। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अयान मुखर्जी संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे थे। दिलचस्प है कि ये अमिताभ बच्चन का जन्म स्थल है लेकिन वो किन्हीं कारणों से इस लॉन्च का हिस्सा नहीं बन पाए थे। तब से लगातार फिल्म की कई रिलीज़ डेट अनाउंस हो चुकी हैं। फिल्म की आखिरी कंफर्म डेट थी 4 दिसंबर 2020 लेकिन ये भी निकल गई है। अब फिल्म की नई रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की गई है।


Click it and Unblock the Notifications