नितेश तिवारी की रामायण: 2023 में राम रणबीर कपूर - रावण ऋतिक रोशन की फिल्म, नहीं मिली है सीता
रणबीर कपूर इस समय अपनी अगली फिल्म शमशेरा की रिलीज़ की तैयारी में जुट गए हैं लेकिन अब साथ ही उनकी अगली फिल्म की डीटेल्स भी बाहर आ चुकी हैं। बात हो रही है रणबीर कपूर की अगली फिल्म की जिसमें वो भगवान श्रीराम के किरदार में होंगे। दरअसल, प्रोड्यूसर मधु मंटेेना की Mytho Verse का पहला पार्ट होगा सतयुग जिसमें रामायण बनेगी।
इस फिल्म में जहां श्रीराम के किरदार में दिखाई देंगे रणबीर कपूर वहीं रावण के किरदार में दिखाई देंगे ऋतिक रोशन। जहां, सीता के किरदार के लिए दीपिका पादुकोण को कंफर्म माना जा रहा था वहीं ताज़ा रिपोर्ट्स की मानें तो अभी फिल्म में सीता के किरदार के लिए हीरोइन ढूंढी जा रही है।

फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं नितेश तिवारी। नितेश तिवारी, इस समय वरूण धवन और जान्हवी कपूर के साथ एक हल्की फुल्की फिल्म बवाल की शूटिंग कर रहे हैं जिसके बाद वो रामायण की शुरूआत करेंगे। फिल्म 2023 के मध्य में फ्लोर पर चली जाएगी। तब तक रणबीर कपूर अपनी लव रंजन फिल्म और एनिमल पूरी कर लेंगे वहीं ऋतिक रोशन भी यशराज फिल्म्स की फाईटर पर काम पूरा कर लेंगे।

राम के लिए था कन्फ्यूजन
माना जा रहा था कि इस फिल्म में राम के किरदार के लिए काफी हेर फेर हुई। नितेश तिवारी ने इस फिल्म में श्रीराम के किरदार के लिए पहले तेलुगू सुपरस्टार महेश बाबू को अप्रोच किया था। महेश बाबू, हिंदी फिल्में करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे। हालांकि, रामायण एक Pan India फिल्म होगी जो कई भाषाओं में बनेगी और इसलिए महेश बाबू भी इस रोल के बारे में विचार कर रहे थे।

रणबीर ने वक्त नहीं गंवाए
रणबीर कपूर के पास जैसे ही ये ऑफर पहुंचा, उन्होंने बिना वक्त गंवाए इसे ले लिया। वहीं रणबीर कपूर, इस रोल के लिए तैयारी भी शुरू कर चुके हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर को 75 करोड़ रूपये ऑफर हुए हैं। रणबीर की मौजूदा फीस से करीब 15 - 20 करोड़ ज़्यादा। इस फिल्म का अनाउंसमेंट दिवाली 2022 पर किया जाएगा।

रावण ऋतिक रोशन
फिल्म में रावण का किरदार निभाएंगे ऋतिक रोशन। ऋतिक रोशन और रणबीर कपूर, इस फिल्म के लिए पिछले साल एक मीटिंग कर चुके हैं। माना जा रहा है कि ऋतिक को भी इस फिल्म के लिए 75 करोड़ रूपये ऑफर हुए हैं। नमित मल्होत्रा के साथ इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं अल्लू अरविंद और मधु मंटेना। फैन्स अभी से रणबीर कपूर और ऋतिक रोशन के बीच की टक्कर देखने के लिए काफी उत्साहित है।

हो रही है सीता की खोज
फिल्म में सीता काफी समय से फाईनल हो चुकी थी और वो थीं दीपिका पादुकोण। मधु मंटेना ने खुद एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की थी। हालांकि, अगर इस रिपोर्ट की मानें तो फिल्म में केवल राम रणबीर कपूर और रावण ऋतिक रोशन ही फाईनल हैं। सीता की खोज होना अभी भी बाकी है।

भव्य 300 करोड़ का बजट
मधु मंटेना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस रामायण का बजट होगा 300 करोड़। लेकिन फिलहाल के हालात देखते हुए लगता है कि ये बजट बहुत कम पड़ेगा और फिल्म का बजट बढ़ाया जाएगा। फिल्म को एक भव्य स्तर पर बनाने की तैयारी की जा रही है जहां लोग उस कहानी को सुनेंगे जो वो शायद हर रोज़ सुनते आ रहे हैं लेकिन इस कहानी को सुनने और देखने के बाद दर्शक बिल्कुल अलग अनुभव करेंगे।

तीन युग की तीन कहानियां
इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे दंगल और छिछोरे फेम नितेश तिवारी और फिल्म का बजट 500 करोड़ के ऊपर का रखा गया है। मधु मंटेना ने हाल ही में एक इंटरव्यू में ये एलान किया था कि वो अपना Mytho verse बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए ये तीन फिल्मों की ये कड़ी रामायण से शुरू होकर महाभारत से होकर कलयुग तक पहुंची। इस Mytho verse में तीन युग की कहानियां दिखाई जाएंगी। और कोशिश ये भी की जाएगी कि इसकी स्टारकास्ट ना बदले। यानि केवल किरदार बदलेंगे और चेहरे नहीं।

कई रामायण की हो रही है तैयारी
गौरतलब है कि बॉलीवुड में इस समय ढेरों पौराणिक फिल्मों की चर्चा चल रही हैं और इनमें से कई फिल्में तो रामायण पर ही आधारित हैं। एक रामायण पर आधारित फिल्म बना रहे हैं तान्हाजी फेम ओम राउत जिसका नाम है आदिपुरूष और एक रामायण बना रहे हैं, अलौकिक देसाई, जिसके राईटर हैं बजरंगी भाईजान और बाहुबली के लेखक केवी विजयेंद्र प्रसाद। आदिपुरूष में कृति सैनन सीता के किरदार में दिखाई देंगी।

राम की टक्कर
आदिपुरूष में साउथ सुपरस्टार प्रभास भगवान राम की भूमिका में दिखेंगे। तो अगर रणबीर कपूर, नितेश तिवारी की फिल्म को हां कर चुके हैं तो उन्हें सीधी टक्कर लेनी होगी प्रभास से। प्रभास जहां बाहुबली के साथ खुद को पीरियड फिल्मों के किंग के तौर पर स्थापित कर चुके हैं वहीं रणबीर कपूर की ये पहली पौराणिक पीरियड फिल्म होगी। प्रभास स्टारर रामायण जिसका नाम आदिपुरूष है, 2023 में रिलीज़ होगी।

सैफ अली खान Vs ऋतिक रोशन
रावण के किरदारों में टक्कर होगी सैफ अली खान और ऋतिक रोशन की। दिलचस्प ये है कि सैफ अली खान और ऋतिक रोशन, विक्रम वेधा में भी आमने सामने टक्कर लेने वाले हैं। वहीं सैफ अली खान निगेटिव किरदारों के मंझे हुए खिलाड़ी हैं तो ऋतिक रोशन के लिए ये पहला निगेटिव अनुभव होगा। हालांकि, इससे पहले ऋतिक रोशन ने धूम 2 में निगेटिव भूमिका निभाई थी।


Click it and Unblock the Notifications











