Ranbir Kapoor और Shraddha Kapoor की रोमांटिक- कॉमेडी का नया पोस्टर रिलीज, फैंस से पूछा एक सवाल

Ranbir Kapoor- Shraddha Kapoor: लव रंजन अपनी फिल्मों के टाइटल को रिवील करने के लिए हमेशा अनूठा रास्ता अपनाते हैं। सोनू के टीटू की स्वीटी के दौरान भी लोगों के बीच काफी दिलचस्पी बनाई थी.. और अब रणबीर कपूर- श्रद्धा कपूर स्टारर अपनी आगामी रोमांटिक- कॉमेडी को लेकर भी निर्देशक ने फैंस को उत्साहित कर दिया है।
महीनों इंतजार के बाद, रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर ने आखिरकार अपनी फिल्म के टीज़र टाइटल पोस्टर को फैंस के साथ शेयर किया है। पोस्टर में श्रद्धा और रणबीर के नाम के साथ 'टीजे एमएम' (TJMM) लिखा हुआ है। फिल्म के टाइटल का ऐलान कल, यानि की 14 दिसंबर को किया जाएगा।
पोस्टर रिलीज करने के साथ साथ लव रंजन ने फैंस को TJMM के फुल फॉर्म को गेस करने का टास्क दिया है। फिल्म के फ्लोर पर आने के बाद से इसे लेकर बहुत उत्साह है। इसके पीछे वजह इसके स्टारकास्ट भी हैं। रणबीर और श्रद्धा इस फिल्म के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे। वहीं, फिल्म में डिंपल कपाड़िया और बोनी कपूर भी दिखने वाले हैं।
फिल्म के बारे में बात करते हुए, निर्माता अंकुर गर्ग कहते हैं, "हम रणबीर और श्रद्धा की नई व ताजा जोड़ी के साथ लव रंजन की फिल्म पेश करने के लिए उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि जब दर्शक यह फ़िल्म देखेंगे तो उन्हें भी ऐसा ही महसूस होगा।" याद दिला दें, कुछ दिनों पहले रणबीर कपूर ने एक इवेंट के दौरान कहा था कि लव रंजन की ये फिल्म शायद उनकी आखिरी रॉम-कॉम फिल्म होगी।
फिल्म का निर्देशन लव रंजन द्वारा किया गया है, लव फिल्म्स के लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित, टी-सीरीज़ के गुलशन कुमार और भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया है। यह 8 मार्च 2023 को होली के दिन दुनिया भर के सिनेमाघरों में एक फेस्टिवल के रूप में रिलीज होने के लिए तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications











