लव रंजन की फिल्म के सेट से रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर का वीडियो लीक, रोमांटिक गाने की हो रही है शूटिंग- VIDEO
लव रंजन के निर्देशन में बन रही रोमांटिक- कॉमेडी फिल्म की शूटिंग स्पेन में चल रही है, जहां रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर के साथ एक रोमांटिक गाना फिल्माया जा रहा है। हाल ही में फिल्म के सेट से रणबीर और श्रद्धा की कई तस्वीरें और वीडियो लीक हो गए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में दोनों गाने की शूटिंग करते रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं।
रणबीर कपूर फैन क्लब द्वारा शेयर किए गए इन वीडियोज में लोग आलिया भट्ट को भी टैग कर रहे हैं और मजेदार कमेंट्स लिख रहे हैं क्योंकि यहां रणबीर घुटनों पर जाकर श्रद्धा को प्रपोज करते दिख रहे हैं। बता दें, रणबीर और श्रद्धा पहली बार ऑन स्क्रीन साथ नजर आने वाले हैं। लिहाजा, इनके फैंस के बीच काफी उत्साह है।

'प्यार का पंचनामा' फ्रैंचाइज़ी और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' जैसी बैक टू बैक सुपर हिट देने के बाद, लव रंजन इस रोमांटिक कॉमेडी को पूरा करने में व्यस्त हैं। लगातार फिल्म की शूटिंग जारी है। यह रॉम-कॉम फिल्म होली के मौके पर 8 मार्च, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
जबकि फिल्म के अन्य कलाकारों और इसकी कहानी के बारे में बहुत सारी अटकलें लगाई गई हैं, निर्माताओं द्वारा इस फिल्म से जुड़ी बातों को सीक्रेट रखा गया है। लेकिन रणबीर और श्रद्धा के पहली बार स्क्रीन स्पेस साझा करने की खबर ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया है।
लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित और भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म में रणबीर और श्रद्धा के साथ डिंपल कपाड़िया और बोनी कपूर भी अहम किरदारों में होंगे।
फिल्म के बारे में बात करते हुए, अंकुर कहते हैं, "हम रणबीर और श्रद्धा की नई व ताजा जोड़ी के साथ लव रंजन की फिल्म पेश करने के लिए उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि जब दर्शक यह फ़िल्म देखेंगे तो उन्हें भी ऐसा ही महसूस होगा।"
खास बात है कि दो साल पहले जब इस फिल्म की घोषणा हुई थी तो इस रोमांटिक- कॉमेडी में अजय देवगन भी थे। लेकिन कुछ समय के बाद अजय देवगन ने इस प्रोजेक्ट से पल्ला झाड़ लिया।


Click it and Unblock the Notifications