रणबीर कपूर Weds आलिया भट्ट, 17 अप्रैल को एक दिन में निपटेगी शादी, ब्रह्मास्त्र में दिखेंगी मिसेज़ आलिया
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी की अटकलें इस समय ज़ोरों पर हैं और अब टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में कंफर्म किया है कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, 17 अप्रैल को ही सात फेरे लेंगे। ये शादी जल्दी से जल्दी की जा रही है क्योंकि, आलिया भट्ट के नाना जी की तबीयत काफी खराब है और वो इस शादी को देखना चाहते हैं।
रणबीर और आलिया, रणबीर कपूर के दादा - दादी, राज कपूर और कृष्णा राज कपूर के चेंबूर स्थित आरके हाउस में सात फेरे लेंगे। यहीं से रणबीर कपूर के माता - पिता, नीतू कपूर और ऋषि कपूर की भी शादी हुई थी।

हालांकि, हाल ही में रणबीर कपूर के ताऊजी और करीना कपूर - करिश्मा कपूर के पिता रणधीर कपूर से जब इस शादी के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि अगर उनके पिता राज कपूर के घर में कोई उत्सव होने वाला होता तो उनसे पूछा जाता। इसलिए उन्हें नहीं लगता ऐसा कुछ है। रणधीर कपूर का कहना था कि उन्हें इस शादी की कोई जानकारी नहीं है।

भट्ट परिवार के करीबी ने किया कंफर्म
अब भट्ट परिवार के एक करीबी ने एक चैनल को ये बात कंफर्म की है कि 17 अप्रैल को रणबीर कपूर और आलिया भट्ट सात फेरे लेने जा रहे हैं। इस शादी की तैयारी का ज़िम्मा शादी स्क्वॉयड नाम की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को सौंप दी गई है। वहीं मशहूर मेहंदी आर्टिस्ट वीणा नागरानी को भी मेहंदी का ऑर्डर मिल चुका है। हालांकि, दोनों ही पक्षों ने इस शादी की खबर को नकार दिया है।

ब्रह्मास्त्र के पहले मिसेज़ आलिया
अब आलिया भट्ट, शादी के बाद अपना नाम बदलती हैं या नहीं ये तो उनका फैसला होगा लेकिन हां, ये ज़रूर है कि रणबीर और आलिया की पहली फिल्म ब्रह्मास्त्र की रिलीज़ से पहले ही आलिया भट्ट और रणबीर कपूर शादी कर चुके होंगे। यानि कि मिसेज़ कपूर या मिसेज़ आलिया भट्ट, किसी भी नाम के साथ, लेकिन आलिया भट्ट मिसेज़ ज़रूर बन चुकी होगी।

बचपन से था रणबीर पर क्रश
दिलचस्प है कि आलिया भट्ट को बचपन से ही रणबीर कपूर पर क्रश था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जब वो छोटी थीं तो उनके कमरे में रणबीर कपूर का एक बड़ा सा पोस्टर था। रणबीर कपूर ने 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। तब से आलिया भट्ट को रणबीर कपूर पर क्रश था।

ब्रह्मास्त्र से शुरू हुई प्रेम कहानी
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की क्यूट सी लव स्टोरी ब्रह्मास्त्र के सेट पर शुरू हुई। लेकिन दोनों एक साथ सोनम कपूर के वेडिंग रिसेप्शन पर बतौर कपल दुनिया के सामने आए। कुछ ही महीनों पहले, रणबीर कपूर अपने पूरे परिवार के साथ आलिया भट्ट के घर पहुंचे थे। उनकी तस्वीरें साथ देख एक बार फिर दोनों की शादी की अफवाहें तेज़ी से उड़ीं लेकिन ये अफवाहें उतनी ही तेज़ी से बंद भी हो गईं।

नकली शादी का कार्ड और तस्वीरें वायरल
अफवाहें थीं कि पिछले ही साल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर 8 - 10 फरवरी के बीच फ्रांस में शादी करने वाले हैं। हालांकि इन खबरों का लगातार खंडन किया गया लेकिन इन खबरों के बाद से ही रणबीर और आलिया की ये फोटोशॉप तस्वीर वायरल होने लगी थी। वहीं एक नकली शादी का कार्ड भी वायरल हो चुका था। हालांकि इस कार्ड में आलिया के नाम की स्पेलिंग गलत थी जिसके बाद इन सारी खबरों पर फुलस्टॉप लगा जिनके मुताबिक रणबीर कपूर और आलिया भट्ट शादी के बंधन में बंधने जा रहे थे।

लॉकडाउन ले आया और करीब
लॉकडाउन में रणबीर और आलिया ने काफी समय साथ बिताया है और रणबीर ने भी एक इंटरव्यू के दौरान ये हिंट ज़रूर दिया है कि वो जल्दी ही शादी कर सकते हैं। रणबीर और आलिया, लॉकडाउन के दौरान, एक ही साथ समय बिताते दिखे। आलिया की मां सोनी राज़दान ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि आलिया उनके साथ नहीं रह रही हैं। वहीं आलिया का स्वागत कपूर परिवार में ज़ोर शोर से किया जा चुका है। रणबीर की मां आलिया को अपनी दुनिया बताती हैं।

आलिया और रणबीर का मज़बूत साथ
इस बीच गाहे बगाहे आलिया भट्ट की क्यूट सी हरकतें कैमरे पर कैद हो ही जाती हैं। जैसे एक इवेंट के दौरान, आलिया के हाथ में फोन के वॉलपेपर पर रणबीर की ये तस्वीर कैद हो गई। माना जा रहा था कि पिछले साल अगर लॉकडाउन नहीं होता तो दोनों शादी के बंधन में बंध चुके होते। इसके बाद ऋषि कपूर के निधन से कपूर परिवार को बड़ा झटका लगा। जब ऋषि कपूर, लंदन में कैंसर का ईलाज करवा रहे थे तब आलिया भट्ट मज़बूती के साथ पूरे परिवार के साथ खड़ी रहीं और उन्होंने काफी समय लंदन में ऋषि कपूर के साथ ही बिताया।

बैंड बाजा बारात का इंतज़ार
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने नए साल का स्वागत भी एक साथ किया। उनका पूरा परिवार जैसलमेर में नया साल मनाने पहुंचा। इससे भी दिलचस्प था इस नए साल का स्वागत दीपिका और रणवीर के साथ करना जिसके बाद एक बार फिर दोनों की जैसलमेर के एक पांच सितारा रिसॉर्ट में सगाई की अफवाहें उड़ीं। अब देखना है कि क्या वाकई, 17 अप्रैल को रणबीर और आलिया शादी के बंधन में बंधते हैं या फिर हर बार की तरह एक बार फिर ये एक अफवाही तारीख निकल जाएगी!


Click it and Unblock the Notifications