उज्जैन में 'ब्रह्मास्त्र' का जबरदस्त विरोध, बिना दर्शन किये लौटे रणबीर- आलिया, अयान मुखर्जी ने अकेले की पूजा
फिल्म ब्रह्मास्त्र की टीम 6 सितंबर को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंची थी, लेकिन वहां आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को हिंदू संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से वो बिना दर्शन किए ही वापस लौट गए। हालांकि, उनके साथ आए फिल्म डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर दर्शन और पूजा की।
जैसे ही ब्रह्मास्त्र टीम के पहुंचने की खबर फैली, प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने काफी हंगामा किया। स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। सोशल मीडिया पर इसकी कुछ वीडियो भी सामने आईं हैं।

अयान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है। साथ ही एक वीडियो में मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वो अपनी फिल्म के सफल होने की कामना कर रहे हैं।
बता दें, ये सारा विरोध रणबीर कपूर के 10 साल पुराने बयान को लेकर हो रहा है। इस बयान में रणबीर ने कहा था कि उन्हें बीफ पसंद है और वो बीफ लवर हैं। अब उनके इसी पुराने बयान को लेकर उनका विरोध किया जा रहा है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि रणबीर खुद बता चुके हैं कि उन्हें बीफ (गोमांस) पसंद है। ऐसे में बीफ खाने वालों को मंदिर में कैसे प्रवेश दिया जा रहा है, प्रशासन को जवाब देना होगा।
बहरहाल, उज्जैन पहुंचे रणबीर, आलिया और अयान मुखर्जी को जब मंदिर में विरोध और हंगामे की खबर मिली, तो वे वापस लौटने लगे। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह फिल्म के डायरेक्टर अयान के दोस्त भी हैं। लिहाजा, तीनों सीधा उज्जैन कलेक्टर के बंगले पहुंचे। हंगामा शांत होने के बाद सिर्फ अयान ही मंदिर गए और दर्शन किया।
ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर से हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में.. 2डी, 3डी और आईमैक्स फॉर्मेट में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय भी लीड रोल में हैं। इनके साथ ही शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के कैमियो को लेकर जोरदार चर्चा है।
फिल्म को दुनियाभर में लगभग 8000 स्क्रीन पर रिलीज किया जाएगा। स्टार स्टूडियो ने कंफर्म किया है कि फिल्म भारत में 5000 स्क्रीन पर रिलीज होगी, जबकि ओवरसीज में 3000 स्क्रीन पर। इसके साथ ही यह हिंदी भाषा में सबसे बड़े स्तर पर रिलीज होने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications

