रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन और ब्रह्मास्त्र टीम ने किया अंगदान का फैसला
11 मार्च, गुरूवार को World Kidney Day है और इस मौके पर ब्रह्मास्त्र पूरी टीम ने अपनी किडनी दान करने का फैसला किया है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अयान मुखर्जी, करण जौहर सहित अमिताभ बच्चन ने ना सिर्फ किडनी बल्कि अपने बाकी के अंग भी दान करने का प्रण लिया है।
ये फैसला, इस हफ्ते अमर गांधी फाउंडेशन की ओर से चल रही है एक Virtual Walkathon के दौरान लिया गया। ब्रह्मास्त्र की पूरी टीम इस इवेंट का हिस्सा बनी।

इस मौके पर आलिया भट्ट ने लोगों से गुज़ारिश करते हुए कहा कि अपनी सेहत के बारे में बात करें। स्वस्थ रहना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना बहुत ही ज़्यादा ज़रूरी है। इसलिए हर किसी को अपने स्वास्थ्य से संबंधी चीज़ों की जानकारी होनी चाहिए और इनके प्रति जागरूक भी रहना चाहिए।

अयान ने किया एलान
इस इवेंट पर अयान मुखर्जी ने अंगदान के बारे में बात करते हुए कहा, सच्चा हीरो वही है जो बाकियों को भी अपने अंगों का सही इस्तेमाल करने की सलाह दे पाए।मैंने अपने अंगदान करने का प्रण किया है और आप भी ऐसा कर सकते हैं।

करण जौहर ने भी दिया साथ
ब्रह्मास्त्र के प्रोड्यूसर और धर्मा प्रोडक्शन्स - धर्माटिक इंटरटेनमेंट के मालिक, करण जौहर ने भी अपने अंगदान का प्रण लिया और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित किया।

आलिया ने की पते की बात
आलिया भट्ट ने इस इवेंट के दौरान साफ किया कि लोगों को ना सिर्फ अंगदान की प्रेरणा देनी चाहिए, बल्कि इस बारे में इतनी जागरूकता होनी चाहिए कि उन्हें पता हो कि अंगदान, कहां, कैसे और कब किया जा सकता है।

रणबीर कपूर ने लिया प्रण
रणबीर कपूर ने इस मौके पर अपने अंगदान पर बात करते हुए कहा कि उम्मीद करता हूं कि मेरे इस फैसले से एक या दो लोगों की ज़िंदगी में कुछ अंतर आएगा और फिर वो लोग आगे और लोगों की ज़िंदगी बदल पाएंगे और ये कड़ी चलती रहे।

किडनी फेल होने से निधन
कम ही लोगों को पता है कि, रणबीर कपूर के छोटे दादा जी शम्मी कपूर का निधन किडनी फेल होने से ही हुआ था। वो हफ्ते में तीन बार अपने ईलाज के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल जाया करते थे।

जीना चाहते थे शम्मी कपूर
शम्मी कपूर ने अपनी किडनी की बीमारी के बारे में बात करते हुए एक बार एक इंटरव्यू में कहा था कि काश मैं हफ्ते के बाकी चार दिन भी ढंग से, खुलकर जी पाता। शम्मी कपूर, आखिरी बार, रणबीर कपूर के साथ उनकी फिल्म रॉकस्टार में दिखाई दिए थे।

अमिताभ बच्चन का प्रण
कुछ समय पहले ही अमिताभ बच्चन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो हमेशा हरे रंग का रिबन इसलिए पहनते हैं कि उन्होंने अंगदान का प्रण लिया है और वो बाकी लोगों को भी इसकी प्रेरणा देना चाहते हैं। हरा रिबन, अंगदान का प्रतीक होता है।

लीवर की बीमारी से ग्रसित
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन का लीवर खराब है और उन्हें एक समय में टीबी था। लेकिन जहां लीवर के बारे में उन्हें 20 साल बाद पता चला, वहीं टीबी के बारे में 8 साल बाद। एक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में उनका कहना था कि जब मेरे जैसा सुख - सुविधा से संपन्न आदमी इतने गंभीर मुद्दे को टाल सकता है तो बाकी लोग भी करते होंगे। उन्होंने सबसे लगातार चेकअप करवाने की गुज़ारिश भी की थी।


Click it and Unblock the Notifications