रुपहले पर्दे पर जल्द दिखेंगे बाबा रामदेव

By Staff
Ramdeo

शालिनी जोशी, देहरादून से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए

रिक्शे पर रामदेव- हैरत की बात ज़रूर है लेकिन हरिद्वार की गलियों में रामदेव अपने सहयोगी के साथ रिक्शे पर बैठे नज़र आए. रिक्शे पर थी बोरी जिसमें उनकी बनाई दवाइयाँ लदी थीं. लोगों की निगाहें थीं रामदेव पर और रामदेव की निगाहें थीं कैमरे पर.

योग गुरू बाबा रामदेव इन दिनों प्राणायाम और योग सिखाने की बजाय अभिनय औऱ संवाद अदायगी के टिप्स ले रहे हैं और जल्दी ही वो रुपहले पर्दे पर नज़र आएंगे. उनके जीवन और दुनिया भर में योग और आयुर्वेद को लेकर उन्होंने जो डंका बजाया है उस पर फ़िल्म बन रही है. फ़िल्म की शूटिंग इन दिनों गंगोत्री, ऋषिकेश और हरिद्वार में चल रही है और कुछ प्रसंगों में रामदेव ख़ुद ही अपनी भूमिका निभा रहे हैं.

रामदेव की रीललाइफ़ उनकी रियललाइफ़ पर ही आधारित है इसलिए ज़्यादातर शूटिंग वास्तविक लोकेशंस पर की जा रही है जहाँ रामदेव ने अपने आरंभिक दिन बिताए हैं. रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक़ संभवत: फ़िल्म का नाम योग यात्रा रखा जाएगा. वे कहते हैं, “रामदेवजी का जो नाम और काम आज दिख रहा है वो एक दिन में खड़ा नहीं हुआ है और इसके पीछे कितना कठिन संघर्ष और क्या सोच रही है, फ़िल्म में यही दिखाया जा रहा है."

इस फ़िल्म का निर्देशन कर रही हैं उड़ान फेम कविता चौधरी. कविता चौधरी ने दूरदर्शन पर बेहद लोकप्रिय हुआ उड़ान सीरियल बनाया था जो उनकी बहन और आईपीएस अधिकारी कंचन चौधरी के जीवन पर आधारित था. फ़िल्म के सेट पर कविता चौधरी ने बताया, “रामदेव लिजेंडरी शख्सियत बन चुके हैं और उन पर फ़िल्म बनाना एक बड़ी चुनौती है लेकिन मुझे उम्मीद है कि इस चुनौती पर मैं खरी उतरूंगी और दर्शकों को ये फ़िल्म पसंद आएगी."

दरअसल एक 'गुमनाम" योगी से 'ग्लोबल" स्वामी बनने की स्वामी रामदेव की कहानी मुंबइया फ़िल्मों की कहानी से कम रोचक नहीं है और उनके बारे में कई कहानियाँ प्रचलित हैं. कहा जाता है कि हरिद्वार की गलियों में साइकिल पर घूम-घूम कर वो दवाएं बांटते थे और उन्हें कोई पूछता तक नहीं था. योग के ज़रिए कैंसर और एड्स जैसी असाध्य बीमारियों के इलाज का दावा करने वाले रामदेव आज दुनिया भर में योग और आयुर्वेद का एक तरह से पर्याय बन चुके हैं.

साथ ही उन्हें एक सफल कॉर्पोरेट व्यवसायी और महत्वाकांक्षी राजनीतिज्ञ भी माना जाता है. उनका पातंजलि योगपीठ दुनिया में अपनी तरह का सबसे बड़ा संस्थान है और उन्होने हरिद्वार में ही एशिया की सबसे बड़ी खाद्य प्रसंस्करण यूनिट लगाई है और यहां बनने वाली औषधियों और खाने-पीने की चीज़ों का अपना ब्रांड है.

रामदेव ने अपनी अलग पार्टी भी बनाई है और अगले लोकसभा चुनावो में सभी सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है. सितंबर के पहले सप्ताह से वे अखिल भारतीय स्वाभिमान आंदोलन भी शुरू करने जा रहे हैं. रामदेव रूपहले पर्दे पर ज़रूर पहली बार दिखेंगे लेकिन ग्लैमर की दुनिया से उनकी क़रीबी रही है. ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी से लेकर शिल्पा शेट्टी और कंगना रानावत, मधुर भंडारकर तक उनसे योग साधना सीखने आते रहे हैं.

More from Filmibeat

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X