BJP टिकट से चुनावी रण में उतरे रामायण के 'राम' अरुण गोविल, मेरठ के 3 बार के सांसद का कटा पत्ता

Arun Govil Lok Sabha Election 2024: भगवान राम का किरदार निभाकर दर्शकों के दिल में बस जाने वाले अरुण गोविल को भाजपा ने मेरठ लोकसभा से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने मेरठ से अभिनेता अरुण गोविल को टिकट दिया है।
रामानंद सागर के सीरियल रामायण में राम का किरदार निभाकर दुनियाभर में अपनी पहचान बनाने वाले अरुण गोविल भाजपा के टिकट पर मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बीस दिनों से प्रतयाशी के नाम पर चले आ रहे राज से पार्टी ने पर्दा उठा दिया है।
अरुण गोविल का जन्म 12 जनवरी 1958 को मेरठ कैंट में हुआ। उनके पिता पेशे से इंजीनियर थे। अरुण गोविल की पढ़ाई-लिखाई सहारनपुर और शाहजहांपुर में हुई। उन्होंने अपनी औपचारिक शिक्षा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में प्राप्त की। उन्होंने इंजीनियरिंग विज्ञान में अध्ययन किया और कुछ नाटकों में अभिनय किया। उनके पिता चाहते थे कि वह एक सरकारी कर्मचारी बनें जबकि अरुण कुछ ऐसा करना चाहते थे जिसके लिए उन्हें याद किया जाए।
अरुण के पिता श्री चन्द्र प्रकाश गोविल एक सरकारी अधिकारी थे। अरुण छह भाई और दो बहनों में चौथे नंबर के हैं। गोविल ने अभिनेत्री श्रीलेखा से शादी की है। उनके दो बच्चे हैं, सोनिका और अमल हैं।
अरुण गोविल घर-घर लोकप्रिय भले ही 'रामायण' सीरियल से हुए लेकिन बड़े पर्दे पर वो काफी पहले 1977 में आई फिल्म 'पहेली' से डेब्यू कर चुके थे। ये फिल्म पारिवारिक फिल्में बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस राजश्री प्रोडक्शंस की थी। राम के किरदार ने अरुण को आम से खास बना दिया था। पब्लिक प्लेस पर लोग उनको देखते ही उनके पैरों में गिर जाते थे। दरअसल, लोग उन्हें भगवान राम के रूप में देखने लगे थे और उनका आशीर्वाद चाहते थे।


Click it and Unblock the Notifications











