ड्रग मामले में रकुल प्रीत सिंह ने किया दिल्ली हाईकोर्ट का रुख़, मीडिया कवरेज से हुईं परेशान!
ड्रग मामले में दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान के अलावा रकुल प्रीत सिंह का नाम भी सामने आया है। बीते शुक्रवार को नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रकुल से पूछताछ की है। बहरहाल, ड्रग्स मामले में मीडिया ट्रायल से परेशान होकर अभिनेत्री रकुल प्रीत ने दिल्ली उच्च न्यायाल की ओर रुख किया है। रकुल ने आरोप लगाया है कि मीडिया उनके खिलाफ फेक खबरें चला रहा है।
अभिनेत्री ने अदालत से मांग की है कि उनके खिलाफ मीडिया में चल रहीं खबरों और पब्लिश हो रहे आर्टिकल्स को तुरंत रोकने के अंतरिम निर्देश दिए जाएं। इस मामले की सुनवाई अगले हफ्ते होने की संभावना है।

कुछ दिनों पहले भी अभिनेत्री ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने सूचना प्रसारण मंत्रालय को एक निर्देश जारी करने की मांग की थी कि उनका नाम ड्रग्स मामले में लेने से रोका जाए। वहीं अब एक बार फिर से रकुल ने इस याचिका पर जोर देते हुए उच्च न्यायलय से इसमें अंतरिम निर्देश देने की अपील की है।
याचिका में दावा किया गया है कि रकुल प्रीत फिल्म कर शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद में थी। जब वह मीडिया में आईं इन खबरों को देखकर स्तब्ध हो गईं कि मुंबई के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 24 सितंबर को उन्हें रिया चक्रवर्ती से जुड़े ड्रग्स मामले में समन भेजा है।
याचिका में कहा गया है कि रकुल को एनसीबी की ओर से हैदराबाद या मुंबई के पते पर कोई समन नहीं मिला, इसीलिए वो हैदराबाद में रहीं। 24 सितंबर की सुबह रिपोर्ट्स की सच्चाई का पता लगाने के लिए फ्लाइट से मुंबई जाने का फैसला लिया। इस बीच मीडिया में कई तरह की झूठी खबरें आती रहीं।
शुक्रवार को एनसीबी ने रकुल प्रीत से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान अभिनेत्री ने कबूल किया है कि उन्होंने साल 2018 में ड्रग्स को लेकर रिया चक्रवर्ती से व्हाट्सएप चैट की। लेकिन उन्होंने ड्रग्स का सेवन करने से साफ इंकार किया है। रकुल के मुताबिक, वे खुद कभी किसी ड्रग पैडलर के संपर्क में नहीं रहीं।


Click it and Unblock the Notifications
