Raksha Bandhan 2023: सनी देओल स्टारर गदर 2 के मेकर्स का धमाकेदार प्लान, 'रक्षाबंधन' स्पेशल ऑफर का किया ऐलान

Raksha Bandhan 2023: कुछ फिल्में मनोरंजन की सीमाओं को पार करने में कामयाब होती हैं और गदर 2 इसका एक प्रमुख उदाहरण है। 460 करोड़ की कमाई के साथ यह हिंदी सिनेमा के इतिहास में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है। सनी देओल की गदर 2 के लिए फैंस के जबरदस्त प्यार को देखते हुए, निर्माताओं ने रक्षा बंधन के अवसर पर उन्हें एक विशेष गिफ्ट देने का फैसला किया है।
गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचा दिया है, जो रुकने का नाम नहीं ले रहा है। चूंकि यह एक फैमिली फिल्म है, इसलिए मेकर्स ने रक्षा बंधन पर एक विशेष ऑफर पेश किया है, जहां सिनेप्रेमी 2 टिकट खरीद सकते हैं और 2 टिकट मुफ्त पा सकते हैं।
6 दिनों तक रहेगा ये धमाकेदार ऑफर
यह ऑफर 29 अगस्त 2023 से 3 सितंबर 2023 तक है। जाहिर है यह फैसला फिल्म को एक नई तेजी देगा। फिल्म के प्रति उत्साह और चर्चा को देखते हुए उम्मीद है कि फिल्म अपने तीसरे सप्ताह में भी और रिकॉर्ड तोड़ देगी।
निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित, सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर इस फिल्म ने 18 दिनों में 460.65 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इस सोमवार से फिल्म के कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दिखी थी। लेकिन अब इस रक्षाबंधन ऑफर की वजह से फिल्म को काफी फायदा मिलने वाला है।
बॉलीवुड की नंबर 1 फिल्म बन पाएगी गदर 2!
कोई शक नहीं कि सनी देओल की गदर 2 सफर फिलहाल इतनी जल्दी नहीं रुकने वाला। 7 सितंबर को शाहरुख खान की जवान रिलीज होने वाली है। लिहाजा, गदर 2 आराम से 6 सितंबर तक कमाई करेगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि गदर 2 बॉक्स ऑफिस पर पठान का लाइफटाइम कलेक्शन पार कर पाती या नहीं! बता दें, पठान ने 543.22 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह बॉलीवुड की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म है।


Click it and Unblock the Notifications











